महिला टीचर की तार से गला घोंटकर की हत्या, पति व सास के खिलाफ केस
प्रीत विहार कॉलोनी में 36 वर्षीय पूनम की पति ने रस्सीनुमा तार से गला घोंट कर हत्या कर दी। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। पूनम शहर के एक निजी स्कूल में अध्यापिका थी। रात को पूनम के 12 वर्षीय बेटे नैतिक की नींद खुली तो उसे अपनी मां जमीन पर पड़ी मिली। बेटे के शोर मचाने पर परिवार के अन्य सदस्य कमरे में आए और पूनम को गंभीर अवस्था में भर्ती करवाया। जहां डाक्टरों ने पूनम को मृत घोषित कर दिया। मामले के बारे में थाना शिवाजी कालोनी पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने पूनम के भाई के बयान पर दीपक खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुग्राम के गांव पटौदी निवासी प्रमोद मुदगिल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बताया कि वह दो भाई व दो बहने है। बड़ी बहन रितू व छोटी बहन पूनम है। दोनों बहनों की शादी एक ही घर में दो भाइयों से हुई थी। पूनम(36) की शादी वर्ष 2002 में दीपक के साथ हुई थी। शादी के बाद दंपति को एक 12 साल का बेटा नैतिक हुआ। आरोप है कि दीपक व उसी मां इंद्रा देवी अक्सर पूनम के साथ मारपीट करते रहते थे। वे उससे रुपयों की मांग करते थे। इसी मांग के चलते दोनों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
पिता का आरोप- दामाद रोज करता था पूनम से मारपीट
बेटी की मौत से बदहवास बुजुर्ग पिता रविंद्र कुमार ने ससुराल पक्ष के लोगों पर आरोप लगाते हुए कहा कि दामाद दीपक और उसकी मां लगातार बेटी पूनम को प्रताड़ित किया करते थे। कई बार मायके पक्ष के लोगों की तरफ से आपत्ति भी जताई गई थी। लेकिन हालातों में कोई सुधार नहीं हुआ। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि बेटी को दी जाने वाली प्रताड़ना जिंदगी खत्म कर देगी।
भाई की शिकायत पर केस दर्ज
मृतका के भाई की शिकायत पर पति व सास के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त चार्जर का अभी पता नहीं लग पाया है। जांच जारी है, जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-बलवंत सिंह, प्रभारी, थाना शिवाजी कालोनी, रोहतक।
प्रीत विहार कॉलोनी में घटनास्थल पर परिवार के सदस्यों से वारदात की जानकारी लेती पुलिस।