पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

ओलावृष्टि से 6 गांव में फसली नुकसान, होगी गिरदावरी, डीसी ने मांगी रिपाेर्ट

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

बरसात और ओलावृष्टि के कारण जिले के छह गांव में गेंहू, सरसों व जौं की फसलों को नुकसान हुआ है। फसली नुकसान को लेकर अब प्रशासन ने विशेष गिरदावरी करवाने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके तहत प्रशासन ने संबंधित विभागों से सभी क्षेत्रों से ओलावृष्टि से हुए फसली खराबे की रिपोर्ट मांगी गई है। बुधवार को इस मामले में डीसी आरएस वर्मा ने राजस्व अधिकारियों की बैठक बुलाई। उन्होंने कहा कि जिले में बारिश व ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की विशेष गिरदावरी करवाकर सही रिपोर्ट जल्द प्रशासन को दी जाए। डीसी आरएस वर्मा स्थानीय लघु सचिवालय स्थित सभागार में गत दिनों हुई बारिश व ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की गिरदावरी रिपोर्ट से संबंधित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार जिले में छह गांव खेड़ी साध, बलियाना, कन्हेली, पहरावर, शिमली, मायना, करौंथा व बालंद गांव में फसलों को हुए नुकसान की आंकलन रिपोर्ट भेजी जानी है। उन्होंने संबंधित राजस्व अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि प्रभावित किसान मुआवजे से वंचित न रहें। इस अवसर पर एसडीएम राकेश कुमार, अभिषेक मीणा, नवदीप नैन, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र धनखड़, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक डॉ. रोहताश सिंह, डीआईओ जितेंद्र मलिक, तहसीलदार राकेश कुमार, राजेश कुमार, गुलाब सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी व संबंधित गांव के पटवारी मौजूद रहे।

किसानों की तस्दीक नम्बरदार या सरपंच की ओर से की जाएगी

बैंकर्स प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा करवाने वाले किसानों को सूची के साथ-साथ यह सर्टिफिकेट भी देंगे कि सौंपी गई रिपोर्ट सही है। बैंकर्स किसानों से भी सर्टिफिकेट लेंगे, जिसकी तस्दीक नम्बरदार या सरपंच की ओर से की जाएगी कि वे किसान हैं और उन्होंने ही अपनी फसल का बीमा करवाया है। उन्होंने कहा कि तहसीलदार ग्राम पंचायतों से भी यह स्पष्ट कर लें कि उनके गांव में फसलों को नुकसान हुआ है या नहीं। विशेष गिरदावरी के दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा करवाने वाले किसानों की फसल शामिल नहीं होगी। उन्हें फसल को हुए नुकसान का मुआवजा योजना के तहत प्रदान किया जाएगा। इसके बाद उन्होंने जिला में फसल मुआवजा वितरण के लंबित मामलों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को लंबित मुआवजे के मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।

फसली नुकसान की फोटोग्राफ भी होगी: डीसी आरएस वर्मा ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने न्यायालयों में लंबित विभिन्न मामलों का यथा शीघ्र निपटारा सुनिश्चित करें। इसके अलावा अधिकारी विभिन्न माध्यमों से प्राप्त होने वाली शिकायतों का भी नियमित रूप से निपटारा करें। जिलाधीश की ओर से नियुक्त किए गए डयूटी मजिस्ट्रेट संबंधित ड्यूटी की अनुपालना रिपोर्ट भी उनके कार्यालय भिजवाएं। जिला राजस्व अधिकारी पूनम बब्बर ने कहा कि सभी पटवारी विशेष गिरदावरी के समय बारिश व ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान की फोटोग्राफ भी अवश्य लें और सही गिरदावरी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि सभी प्रभावित किसानों को मुआवजा मिल सकें। इस गिरदावरी में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा करवाने वाले किसानों की फसलें शामिल नहीं होंगी। उन्होंने कहा कि सभी पटवारी किसान व भूमि का पूरा विवरण रिपोर्ट में अंकित करें। जिला प्रशासन की ओर से संबंधित गांवों में विशेष गिरदावरी करवाई जा रही है।

अधिकारियों की मीटिंग लेते हुए डीसी आरएस वर्मा।
खबरें और भी हैं...