सड़क घेर रखा सामान किया जब्त, कल टीम काटेगी चालान
नगर निगम की ओर से शनिवार को साढ़े 3 घंटे अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान निगम की एलओ ब्रांच की टीम ने शहर की प्रमुख सड़कों के दोनों ओर स्थित दुकानदारों को सतर्क किया गया कि वे निश्चित सीमा के अंदर ही दुकान के आगे सामान सजाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के दुकानों के बाहर मिले सामान जब्त कर लिए जाएंगे। वैसे शनिवार को मेडिकल मोड़ सहित कई चौराहों पर कई रेहड़ी व फड़ी लगाने वाले दुकानदारों के सामान जब्त भी किए गए। निगम कर्मियों ने एलीवेटेड रोड के पिलर पर चिपकाए पोस्टर को भी उतारा।
सुबह 9 बजे एलओ सुरेंद्र गोयल के नेतृत्व में पुराना बसस्टैंड एरिया से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया। आगे आगे निगम के वाहन से दुकानदारों को अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी जा रही थी। अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम ने दुकानदारों को आगे से अतिक्रमण नहीं करने के प्रति आगाह किया। इस दौरान सड़कों के डिवाइडर और सड़क पर रखे गए फ्लैक्स व बोर्ड आदि जब्त कर लिए गए। निगम की टीम ने भिवानी स्टैंड, शांतमई चौक, छोटूराम चौक, अंबेडकर चौक, सोनीपत स्टैंड, सुभाष चौक, अशोका चौक, डी पार्क, मेडिकल मोड़, पावर हाउस चौक, दिल्ली बाईपास के अलावा जींद रोड और हिसार रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
व्यापारियों से बात कर सहयोग लेंगे
नगर निगम के एलओ सुरेंद्र गोयल ने बताया कि सोमवार को झज्जर रोड और रेलवे रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया जाएगा। सुबह 9 बजे से निगम के कर्मचारियों की टीम कार्रवाई शुरू करेगी। इस दौरान बाजार के व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी बात की जाएगी। उनसे भी बाजार को अतिक्रमण मुक्त करने में सहयोग लिया जाएगा।