होलिका दहन आज : जड़ी-बूटियों के साथ कपूर की भी दें आहुति
रंगों का त्योहार होली 10 मार्च को मनाया जाएगा। इससे पूर्व 9 मार्च फाल्गुन मास की पूर्णिमा के दिन होलिका दहन होगा। अगले दिन मंगलवार को फाग मनेगा। होलिका दहन का शुभ मुहूर्त शाम 6:26 बजे से रात 8:52 बजे तक रहेगा।
ज्योतिषाचार्य पं. संदीप पाठक ने बताया कि होलिका दहन में लोग जड़ी-बूटियों के साथ कपूर की भी आहुति दें। ताकि वातावरण में फैले विषाक्त कीटाणुओं का नाश हो सके। इसीलिए मनाते हैं होली त्योहार : होली त्योहार सतयुग में भक्त प्रह्लाद के प्रसंग से जुड़ा हुआ है। जब अपने पिता को भगवान मानने से इंकार करने पर हिरण्यकश्यप ने अपनी बहन होलिका को आदेश दिया कि वह प्रह्लाद को गोद में लेकर आग में बैठ जाए। ताकि प्रह्लाद की अग्नि में जलकर मृत्यु हो जाए। होलिका वरदान था कि अाग उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकती है। लेकिन भगवान विष्णु की कृपा से प्रह्लाद सुरक्षित बच गए, जबकि होलिका आग में भस्म हो गई। तब से होली का त्योहार मनाने की परंपरा चली आ रही है। भक्तों को विश्वास है कि हरिनाम जपने प्रह्लाद की तरह ही सबका कल्याण होगा।