पंचायतों के शराबबंदी प्रस्तावों को ठुकराना गलत
रोहतक | आर्य प्रतिनिधि सभा हरियाणा के प्रधान मास्टर रामपाल आर्य ने कहा कि ग्राम पंचायतों के शराबबंदी प्रस्तावों को ठुकराना गलत है। सभा का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलेगा। यदि उन्होंने बात नहीं मानी तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। वे गुरुवार को दयानंद मठ में प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बनी नई शराब नीति से हरियाणा सरकार व मुख्यमंत्री का असली चेहरा जनता के सामने आ गया। दयानंद मठ में 2 फरवरी 2020 को आचार्य बलदेव की स्मृति दिवस पर आयोजित आर्य प्रांतीय महासम्मेलन में बतौर मुख्यमंत्री आमंत्रित सीएम मनोहर लाल ने दावा किया था कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए उनकी सरकार ने गांव में शराबबंदी के लिए अलग से नियम बनाया है। गांव के 10 प्रतिशत लोग प्रस्ताव पास करके भेजेंगे तो उस गांव में शराब का ठेका नहीं खुलेगा। हमारी दो सड़कें कम बन जाएंगी, लेकिन युवाओं को नशे में नहीं धकेला जा सकता है। इस अवसर पर सभा मंत्री उमेद शर्मा, सुभाष आर्य, हवा सिंह राठी आदि उपस्थित रहे।