ड्रॉप रो बाल टूर्नामेंट में जाट कॉलेज की टीम विजेता बनी
रोहतक | एमडीयू में दो दिवसीय अंतर महाविद्यालय ड्रॉप रो बाल टूर्नामेंट के पहले दिन महिला व पुरुष की 16 टीमों के बीच मैच खेले गए। इसमें अपने अपने मैचों में वैश्य कॉलेज, मैरीयम कॉलेज, एनआरएस कॉलेज, एसजेके कॉलेज, एलएन हिंदू कॉलेज, जाट कॉलेज की टीमें विजेता बनीं। डबल पुरुष वर्ग में जाट काॅलेज व वैश्य कॉलेज के बीच फाइनल मैच खेला गया। इसमें जाट कॉलेज की टीम ने 2-1 अंक से जीत दर्ज की। इसी वर्ग में जाट कॉलेज ने सेमीफाइनल मैच में हिंदू कालेज को 2-0 अंक से हराया। सिंगल वर्ग में वैश्य कॉलेज की टीम ने एनआरएस कॉलेज की टीम को 2-1 अंक से हराया। ट्रिपल वर्ग में वैश्य कॉलेज व जाट कॉलेज की टीम ने फाइनल मैच में जगह पक्की की। पहले दिन की खेल स्पर्धाओं का उद्घाटन खेल निदेशक डॉ. देवेंद्र सिंह ढुल ने किया।