टोक्यो ओलंपिक के लिए मायना के बाॅक्सर पंघाल ने किया क्वालीफाई
मायना गांव के बाॅक्सर अमित पंघाल ने सोमवार को एशिया/ओसनिया ओलिंपिक क्वालीफाॅयर के 52 किग्रा भार वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज करके आगामी टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालिफाई कर लिया है। पंघाल ने दक्षिण एशियाई खेलों के चैंपियन फिलिपींस के कालोर पालम को 4-1 अंक से मात दी। अमित शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज में नजर आए और उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी पर आक्रमण करना जारी रखा और पहले राउंड में 3-2 की बढ़त बना ली। एशियाई खेलों के चैंपियन अमित ने दूसरे राउंड में अपना आक्रमण बरकरार रखा और एक के बाद एक कई पंच लगाए। अमित ने दूसरे राउंड में 4-1 की शानदार बढ़त बना ली। भारतीय मुक्केबाज अमित ने तीसरे और अंतिम राउंड में भी अपने हमले में कोई कमी नहीं आने दी, लगातार पंच लगाते हुए टोक्यो ओलंपिक का टिकट हासिल किया। वहीं अमित पंघाल को ओलंपिक का टिकट हासिल होते ही मायना गांव में परिजनों व ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। पिता बिजेंद्र सिंह, भाई अजय पंघाल, काका राजनारायण पंघाल सहित रिश्तेदारों व ग्रामीणों ने एक दूसरे को बधाई दी। पिता बिजेंद्र सिंह व बड़े भाई अजय ने बताया कि ओलिंपिक क्वालीफाई करने के बाद अमित से देश को बाॅक्सिंग में गोल्ड मेडल दिलाने की उम्मीदें बढ़ गई हैं। उन्हें ही नहीं बल्कि पूरे देश को भरोसा है कि म्हारा छोरा देश को गोल्ड मेडल जरूर दिलावैगा।