- Hindi News
- Local
- Haryana
- Rohtak
- Rohtak News Haryana News New Chinyate Colony Has No Solution For Drinking Water Supply People Suffering For Six Months
न्यू चिन्याेट काॅलाेनी में दूषित पेयजलापूर्ति का नहीं हुआ समाधान, छह महीने से परेशानी झेल रहे लोग
शहर की कई कॉलोनियों में सीवरेज जाम होने और सप्लाई में दूषित पानी की आपूर्ति से लोग परेशान हैं। पब्लिक हेल्थ विभाग अौर नगर निगम के अधिकारियों को शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। गत दिनों हुई बरसात के बाद से पानी गलियों में जमा है और गंदगी आसपास के घरों के सामने फैली हुई। बदबूदार माहौल में लोग रहने को विवश हैं। न्यू चिन्योट कॉलोनी के तमाम घरों में लगभग 6 माह से पीने का पानी दूषित आ रहा है। रेलवे एलीवेटेड ट्रैक की आरई वॉल में अंडरपास के निर्माण के लिए खुदाई के समय से यहां सप्लाई में गंदा पानी आ रहा है।
यहां के निवासी सिकंदर, बाला, पवन आदि ने बताया कि उनके घरों के गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। पानी दीवार व आरई वॉल के साथ अंदर जा रहा है। यहीं से होकर अाने वाली पीने के पानी की पाइप लाइन अंडरपास की मरम्मत के समय कई बार डैमेज हो चुकी है। तब से घरों में गंदे पानी की शिकायत लगातार बनी हुई है। पास में स्थित श्री साई मंदिर व श्री बद्री केदार भवन की भी सीवर लाइन डैमेज है। इधर इस संबंध में पब्लिक हेल्थ विभाग के एसडीओ नवीन कुमार ने बताया कि जहां से भी शिकायत आती है, वहां टीम भेजकर लीकेज ठीक करवा दिए गए हैं। यदि न्यू चिन्योट कॉलोनी में दोबारा दिक्कत हुई है तो गुरुवार को फील्ड स्टाफ भेजेंगे।
डबल फाटक के पास गली में जमा है गंदा पानी : सर्कुलर रोड पर डबल फाटक के पास स्थित श्रीनगर कॉलोनी में सीवर ओवरफ्लो होने से गंदा पानी एक सप्ताह से जमा है। गत दिनों हुई बरसात से स्थिति और बिगड़ गई है। गंदगी गली के दोनों किनारों के सामने जहां तहां जमा है। गुलशन, केशव, बलबीर सिंह धनखड़, नवीन आदि ने बताया कि सीवर की मेन लाइन की सफाई नहीं होने से आए दिन सीवरेज सिस्टम जाम रहता है। बुधवार को भी गली में पानी जमा था। पार्षद मुक्ता नागपाल को भी इसकी शिकायत
की गई।
श्रीनगर काॅलाेनी में 15 दिन से सीवरेज ठप, लोग परेशान
राेहतक| श्रीनगर कॉलोनी वासी बुधवार को समस्याओं को लेकर नगर निगम ज्वाइंट कमिश्नर से मिले। उन्होंने कॉलोनी में नवनिर्मित सड़क में कोताही बरतने का आरोप लगाते शिकायत की। लोगों ने बताया कि ठेकेदार की ओर से प्रयोग किया गया मेटेरियल एकदम बेकार है। कहीं पर भी लेवल नहीं बनाया गया। इस कारण बारिश से जलभराव होने पर सड़क पर गड्ढे बन गए। श्रीनगर कॉलोनी का आलम यह है कि जनस्वास्थ्य विभाग भी आंख मूंद कर बैठा है। सीवरेज व्यवस्था को ठप हुए 15 दिन हो गए हैं। इस बारे में जनस्वास्थ्य विभाग में कई बार शिकायत की। इसके बावजूद सुनवाई नहीं है। कॉलोनी वासियों ने ज्वाइंट कमिश्नर से समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की। इस मौके पर अतुल भारद्वाज, सुमित नागपाल, अशोक भारद्वाज, हरिपाल शर्मा, भीम, एसके धमीजा, आलोक, गौरव बुद्धिराजा, रमेश गिरिधर, प्रेम वशिष्ठ आदि पहुंचे।
एसडीओ बोले- न्यू चिन्योट कॉलोनी में दोबारा दिक्कत हुई है तो फील्ड स्टाफ भेजेंगे
देव काॅलोनी में ओवरफ्लो हो रहे सीवर
दिल्ली रोड स्थित देव कॉलोनी में 40 घरों को जोड़ने वाली गली में सीवर का गंदा पानी जमा रहता है। शिकायत के बाद पब्लिक हेल्थ विभाग की टीम आकर सफाई करती है। लेकिन फिर दो दिन बाद हालात पहले जैसे हो जाते हैं। यहां के निवासी डॉ. सतबीर सिंह सैनी, जगबीर सिंह अहलावत, राजेंद्र कादयान, कर्नल एसएस राणा, जगबीर सिंह, पं. भानु प्रकाश व ओमपति ने बताया कि सीवर ओवरफ्लो होने की शिकायत पब्लिक हेल्थ व नगर निगम के अधिकारियों से भी की गई है। लेकिन स्थाई समाधान आज तक नहीं किया गया।
कच्चा बेरी रोड : ट्रेजरी में अटका 850 मीटर पाइप का भुगतान: कच्चा बेरी रोड बाजार वासियों की मुश्किल अभी 20 दिन तक कम होने की उम्मीद नहीं है। क्योंकि यहां लगभग 850 मीटर लंबाई में डाली जाने वाली 6 इंच मोटी पानी की पाइप लाइन का भुगतान की फाइल ट्रेजरी कार्यालय में फंसी हुई है। इन पाइपों की खरीद रेवाड़ी पब्लिक हेल्थ विभाग से की जानी है। लेकिन इसका पेमेंट लगभग 13 लाख का होना है। लेकिन पेमेंट की फाइल ट्रेजरी कार्यालय में अटकी पड़ी है। बिना इसे क्लियर हुए रेवाड़ी से पाइप नहीं आ पाएंगी। पब्लिक हेल्थ विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पाइप आने के बाद भी बिछाने और घराें का कनेक्शन करने में कम से कम 10 दिन का समय लगेगा। बता दें कि एक वर्ष से कच्चा बेरी रोड बाजार व आसपास के मोहल्ला वासी सप्लाई मेंं गंदा पानी आने, सीवर ओवरफ्लो होने और बाजार की सड़क पर पानी जमा होने से हर समय कीचड़ बने रहने की समस्या से जूझ रहे हैं।
4 माह से गली में जमा है गंदा पानी
नवंबर 2019 से सुनारिया स्थित शुगर मिल वासी सीवर ओवरफ्लो की समस्या से परेशान हैं। घरों का गंदा पानी गलियों में जमा पड़ा है। सबसे ज्यादा दिक्कत 22 घरों को है। इनको जोड़ने वाली गली में हर समय गंदा पानी जमा हुआ है। अमित भारद्वाज, मंजीत सिंह मलिक, राहुल भारद्वाज, काके गुप्ता, कुक्कू प्रधान आदि ने बताया कि सीवर लाइन जाम होने की शिकायत पब्लिक हेल्थ विभाग के जेई, एसडीओ व एक्सईएन तक से की गई है। लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं किया गया। पार्षद अनिल कुमार को भी मौका दिखाया जा चुका है। वार्ड 21 के पार्षद अनिल कुमार ने बताया कि शुगर मिल सहित सुनारिया चौक क्षेत्र की कई कॉलोनियों में सीवर जाम की समस्या बनी हुई है। जानकारी देने के बाद भी ठेकेदार यहां सीवर साफ नहीं करवा रहा है। इस बारे में एसई पब्लिक हेल्थ विशाल बंसल से बात हुई है। गुरुवार को उनसे मिलकर हम शिकायत करेंगे।
न्यू चिन्योट कॉलोनी में जलभराव से निकाला बाइक सवार।
शिवाजी कॉलोनी मार्केट में नहीं हो रही सफाई
शिवाजी कॉलोनी स्थित मार्केट में सफाई नहीं हो रही है। जगह-जगह कूड़े का ढेर लगा है। डॉ. मंगल सेन विचार मंच के अध्यक्ष मनाेहर लाल बधवा ने बताया कि बाजार में सनातन धर्म मंदिर व बारात घर के सामने गंदगी पड़ी हुई है। सफाई की मांग को लेकर मेयर मनमोहन गोयल व नगर निगम कमिश्नर प्रदीप गोदारा से मिलकर शिकायत दी। इसके बावजूद अभी तक सफाई नहीं हो पाई है।
रास्ते में जमा पानी को दिखाते श्रीनगर कॉलोनी वासी।