- Hindi News
- Local
- Haryana
- Rohtak
- Rohtak News Haryana News Now The Case Of Omaxe City Will Be Heard In Harera Drinking Water From Huda According To The Agreement The Builder Will Provide Facilities
अब हरेरा में सुना जाएगा ओमेक्स सिटी का मामला, हुडा से मिलेगा पेयजल, एग्रीमेंट के मुताबिक बिल्डर देगा सुविधाएं
लंबे समय से चलते आ रहे ओमेक्स सिटी में असुविधाओं का मामला अब हरेरा (हरियाणा रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी) के पास भेज दिया गया है। इसमें शिकायतकर्ताओं को ही आवेदक बनाकर केस भेजा गया है। वहीं अब तक की पानी और सफाई की शिकायतों का समाधान जिला जनसंपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक में कर दिया गया है। शुक्रवार को जिला विकास भवन के सभागार में आयोजित जिला जनसंपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक में मामले की सुनवाई डीसी आरएस वर्मा ने बतौर समिति उपाध्यक्ष की। बैठक में प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज किन्हीं कारणों के चलते बतौर अध्यक्ष शामिल नहीं हो सके। डीसी वर्मा ने मासिक बैठक में एजेंडे में शामिल 13 शिकायतों की सुनवाई के बाद 7 शिकायतों का मौके पर निपटारा कर दिया और शेष अन्य शिकायतों के सन्दर्भ में आगामी बैठक में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। डीसी वर्मा ने बैठक में रखी गई 11 शिकायतों का बारी-बारी से सुनवाई कर संबधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समिति की बैठक से दो दिन पहले ही मिला लोन
रिकॉर्ड में कटिंग करने की होगी जांच
वहीं विद्या गोयल व बिमला देवी की शिकायत की सुनवाई के बाद हुडा के सम्पदा अधिकारी को निर्देश दिए कि वे इस मामले में पूरी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि आगामी बैठक में कार्यवाही की जा सकें। इस जांच में पाया गया कि रिकॉर्ड के साथ छेड़छाड़ की गई है। जमीन को कटिंग करते हुए बढ़ाकर लिखा गया है। डीसी ने ईओ को स्पष्ट कर दिया है कि मामले की जांच के बाद जो भी जिम्मेदार थे, उनका पता लगाकर कार्रवाई की जाए। वहीं इसी एजेंडे में आजादगढ़ निवासी युद्धवीर सिंह की शिकायत की सुनवाई के बाद इस शिकायत का निपटारा कर दिया।
फिर छाया ओमेक्स सिटी मामला : आरओ प्लांट की जांच होगी
डीसी साहब के पास जाने दाे, मुझे कम सुनाई देता है...
मंत्री अनिल विज के नहीं आने पर डीसी ने ही 13 में से 7 मामलों का किया निपटारा
हवलदार ने पहले ही दे दिया संतुष्टि-पत्र : सुनारिया कलां निवासी शिकायतकर्ता हवलदार बृजेश की शिकायत का निपटारा करते हुए कहा कि नियमानुसार बाद में जारी की गई वसीयत लागू होती है। तहसीलदार राजेश कुमार ने बताया कि शिकायतकर्ता शिकायत के निपटारे से संतुष्ट है।
सिंचाई के लिए मिलेगा पानी: सैमाण निवासी रामफल की खेत में बंद खाल को खुलवाने के लिए महम के एसडीएम को निर्देश दिए कि वे संबंधित पार्टियों को बुलाकर इस मामले का निपटारा करवाएं।
होली पर ही मिला लोन : सैमाण निवासी पवन कुमार की शिकायत पर कहा कि शिकायतकर्ता को हाेली पर ही भैंस पालन के लिए लोन दिलवा दिया गया है। भैंस ना खरीदे जाने के चलते मामला अटका हुआ था।
ब्याज समेत मिलेगा जमीन का मुआवजा : सुनारिया निवासी भूतपूर्व सैनिक सतनारायण की जमीन के मुआवजे से के बारे में शिकायत दी थी। पीड़ित सतनारायण का कहना है कि वह 21 माह से चक्कर काट रहा है। इस पर डीसी आरएस वर्मा ने कहा कि संबंधित विभाग की ओर से सरकार को लिखकर भेजा गया है। हालांकि बजट की कमी के चलते मुआवजा नहीं मिल पाया है। शीघ्र ही उचित कार्यवाही की जाएगी। साथ ही ब्याज समेत पूरा मुआवजा पीड़ित को दिया जाएगा। तब तक शिकायत भी लंबित रखी गई है।
सड़क के रिठाल में भरेंगे सैंपल : रिठाल निवासी अजमेर की शिकायत के बारे में कहा कि जिला प्रशासन की ओर से शिकायत में उठाए गए बिंदुओं की जांच के लिए तकनीकी विभाग को गलियों की पैमाइश करने एवं सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। इस शिकायत का निपटारा कर दिया।
एस्टीमेट के अनुसार राशि होगी जमा: टिटौली निवासी सुरेश शर्मा की शिकायत पर शिकायतकर्ता को निर्देश दिए कि वे बिजली निगम की ओर से वर्षों पहले लगाई गई हाई वोल्टेज की बिजली लाइन को शिफ्ट करवाने के लिए एस्टीमेट के अनुसार धनराशि जमा करवाएं। डीसी ने पाया कि शिकायतकर्ता ने पहले ही 60 हजार रुपए साथ लगती फैक्ट्री से जमा किए हुए हैं और इस राशि को निगम में जमा नहीं करवाया।
बीडीपीओ से रिकॉर्ड मंगवाया : कलानौर तहसील के गढ़ी बलम निवासी लख्मी की सौ-सौ वर्ग गज के प्लाट से संबंधित शिकायत के सन्दर्भ में कहा कि यह मामला सन 1976 से जुड़ा हुआ है। उन्होंने एसडीएम को इस बारे पूरा रिकॉर्ड तलब करके जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा। अभी इस मामले में बीडीपीओ से रिकॉर्ड आना बाकी है। अब अगली बैठक में इस मुद्दे को सुना जाएगा।
कोर्ट का मामला समिति ने हटाया: बनियानी गांव निवासी ओमप्रकाश की शिकायत के बारे में डीसी ने कहा कि शिकायतकर्ता की ओर से सही जानकारी उपलब्ध नहीं करवाई गई है व यह मामला न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में इस शिकायत को समिति के एजेंडे से हटा दिया है।
श्मशान घाट ढूंढने जाएगी कमेटी: डीसी ने आजादगढ़ स्थित विकास कल्याण समिति की शिकायत के संदर्भ में श्मशान घाट की भूमि चिह्नित करने के लिए एक कमेटी का गठन किया है, जो मौके का निरीक्षण करके अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी। इस कमेटी में जिला परिषद चेयरमैन सतीश भालौठ, रमेश भाटिया व ईओ मौका देखेंगे। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की पॉलिसी के तहत ही जनसुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती है।
अब होगा पंचायती फैसला: कृपाल नगर निवासियों की सीवरेज के संदर्भ में शिकायत की सुनवाई करते हुए एसडीएम राकेश कुमार की अध्यक्षता में सात सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए। इस समिति में जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियन्ता, दो मनोनीत सदस्य और तीन शिकायतकर्ताओं को शामिल किया गया। उन्होंने कहा कि यह समिति मौके का अवलोकन करके रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि इस समस्या का समाधान किया जा सकें। इस पर डीसी ने कहा कि अब यह पंचायती फैसला होगा, इसके बाद फैसले पर कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए।
पेंशन मामले की जांच करेंगे सीईओ
वहीं बैठक खत्म होने के बाद डीसी आरएस वर्मा ने आमजन की समस्याओं को भी सुना। इस दौरान वैश्य बहुतकनीकी संस्थान से 2012 में रिटायर हुए सत्यनारायण बंसल ने पेंशन को लेकर तंग किए जाने और संस्थान के मुखियाओं की कार्यशैली को लेकर जमकर आरोप लगाए। इस पर डीसी ने मामले की जांच जिला परिषद के सीईओ को दे दी है। इस अवसर पर एसपी राहुल शर्मा, नगर निगम आयुक्त प्रदीप गोदारा, जिला परिषद के चेयरमैन सतीश भालौठ, एडीसी महेंद्रपाल, एसडीएम राकेश कुमार, अभिषेक मीणा व नवदीप नैन, सिटीएम जगनिवास, भाजपा जिलाध्यक्ष अजय बंसल, भाजपा जिला महामंत्री सतीश आहुजा, रमेश भाटिया, ज्योत्सना रोहिल्ला व समिति के गैर सरकारी सदस्यों सहित विभिन्न विभागों के उच्चाधिकारी व समिति के मनोनीत सदस्य मौजूद रहे।
डीसी वर्मा ने शिकायतकर्ता सोमबीर व अन्य की ओमेक्स की ओर से लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन करने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध न करवाए जाने से संबंधित शिकायत की सुनवाई के दौरान निजी बिल्डर्स ओमेक्स को निर्देश दिए कि वे एग्रीमेंट के हिसाब से सुविधाएं उपलब्ध करवाएं। नगर निगम की ओर से सफाई का कार्य करवाया जा रहा है, जिसके लिए बिल्डर्स को भुगतान करना होगा। उन्होंने हुडा के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ओमेक्स के निवासियों को पीने का पानी उपलब्ध करवाने का प्रबंध करें। जल्द ही इसके लिए कनेक्शन की औपचारिकता भी पूरी कर दी जाएगी। ओमेक्स की ओर से सप्लाई किए जा रहे पीने के पानी के सैम्पल फैल होने के बाद एफआईआर दर्ज करवाई जा चुकी है। दूसरे केस में कानूनी राय ली जा रही है। वहीं ओमेक्स सिटी के बिल्डर पक्ष ने बताया कि उन्हें मेंटेनेंस चार्ज नहीं दिया जा रहा है। इस पर डीसी ने कहा कि आप अपने एग्रीमेंट के हिसाब से सुविधाएं व चार्ज पूरा करें। साथ ही बिल्डर पक्ष ने कहा कि उनकी ओर से आरओ प्लांट लगा दिया गया है, जिससे साफ पानी मुहैया करवाया जाएगा। इस पर डीसी वर्मा ने कहा कि भले ही आरओ लगा दिया गया हो, लेकिन इसकी सैंपल जांच करवाई जाएगी।
रिटायर बुजुर्ग पेंशन को लेकर अपनी समस्या डीसी को बताते हुए।
रोहतक. बैठक के दौरान एक बुजुर्ग अपनी समस्या काे लेकर डीसी आरएस वर्मा से मिलने को जाने लगे। तभी एक पुलिस कर्मी ने बुजुर्ग को पीछे लाकर बैठा दिया। बुजुर्ग ने बताया कि मुझे कम सुनाई देता है। मुझे पास जाकर मिलने दो। लेकिन बुजुर्ग डीसी से मिल नहीं सके।
जिला लोकसंपर्क एवं परिवेदना समिति की मासिक बैठक के दाैरान अाेेमेक्स सिटी के निवासी डीसी अारएस वर्मा काे अपनी समस्या बताते हुए।