- Hindi News
- Local
- Haryana
- Rohtak
- Rohtak News Haryana News Public Health Department39s Team Excavated 3 Places On Kucha Berry Road Could Not Find Fault
कच्चा बेरी रोड पर पब्लिक हेल्थ विभाग की टीम ने 3 जगह की खुदाई, नहीं ढूंढ पाए फॉल्ट
होली के त्योहार पर भी कच्चा बेरी रोड के 500 दुकानदारों और आसपास के मोहल्लावासियों को शुद्ध पेयजल की उपलब्धता नहीं हो पाई। सोमवार को लीकेज ढूंढने पहुंची पब्लिक हेल्थ विभाग की टीम दिनभर गड्ढा खोदने में लगी रही। लेकिन हालात जस के तस हैं। यहां के निवासियों को एक वर्ष से मुश्किल हालात से जूझना पड़ रहा है।
पहले एलीवेटेड रोड के सेकंड फेज के पिलर की खुदाई के लिए पूरी सड़क उखाड़ दी गई। इसके बाद यहां से होकर गुजर रही पानी व सीवर की लाइन शिफ्ट किए जाने का काम शुरू हुआ। इस दौरान घरों काे पानी व सीवर की पाइप लाइन के कनेक्शन टूट गए। इससे जहां सप्लाई में दूषित पानी आने लगा, वहीं घरों से निकलने वाला गंदा पानी सीवर जाम होने से सड़क पर फैलने लगा। सोमवार सुबह ही पब्लिक हेल्थ विभाग के कर्मचारी कच्चा बेरी रोड बाजार में पहुंच गए। उन्होंने तीन जगह खुदाई की। लेकिन वे फाॅल्ट ढूंढ नहीं पाए। जब बाजारवासियों ने उनको पूछा तो बताया गया कि पाइप लाइन का फाॅल्ट पकड़ में नहीं आ रहा है। होली बाद दोबारा पाइप लाइन का लीकेज ढूंढने का काम शुरू होगा। इधर कच्चा बेरी रोड के निवासियों सुरेश कुमार, अरविंद, पिंकी, अनुज, महेश, शार्दूल कुमार आदि ने बताया कि पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों को अप्लीकेशन देकर होली पर शुद्ध पानी की आपूर्ति की मांग की गई थी। लेकिन दूषित पानी के साथ ही इस बार होली का त्योहार मनाना पड़ेगा।
लापरवाही : त्योहार पर छुट्टी के चलते बढ़ेगी परेशानी
}कच्चा बेरी राेड पर पानी की पाइप लाइन ठीक करते कर्मचारी
सीवरेज जाम होने से व्यापारी परेशान, आंदोलन की दी चेतावनी
राेहतक | शहर के प्रमुख बाजारों में सीवरेज व्यवस्था जाम होने से दुकानदारों व व्यापारी वर्ग में सरकार व प्रशासन के खिलाफ रोष है। व्यापारी त्रिलोक चंद सर्राफ, अमित वर्मा, सतीश वर्मा, परवीन बंसल, विजय गोयल, गौरव माहेश्वरी, दीपक, सुमेर चंद सोनी व संजय वर्मा ने चेताया कि जल्द इस समस्या का समाधान नहीं किया तो सड़कों पर उतरने पर मजबूर होगा। उन्होंने कहा कि सरकार स्वच्छता के नाम पर करोड़ों रुपए पानी की तरह खर्च कर रही है, जबकि धरातल पर कई विकास कार्य नजर नहीं आ रहे है।
सरकार को सबसे ज्यादा राजस्व व्यापारी वर्ग देता है : बख्शी
व्यापारी नेता हेमंत बख्शी ने कहा कि सरकार को सबसे अधिक राजस्व व्यापारी वर्ग से प्राप्त होता है और वहीं व्यापारी आज अतिक्रमण, पार्किंग, गंदे पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहा है। उन्होंने कहा के आज शहर और देश का व्यापार जहां पहले ही आर्थिक मंदी की मार को झेल रहा है, वहां इस प्रकार की व्यवस्थाएं खरीदारों का मोहभंग करती हैं। हेमंत बख्शी ने कहा कि गंदे पानी की निकासी न होने के चलते बीमारियां फैलने का भी अंदेशा बना हुआ है।