पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Haryana
  • Rohtak
  • Rohtak News Haryana News Question Paper Went Viral 5 Minutes After Opening The Packet Fake Slips At Rural Centers Copy Seized From 24 Candidates

पैकेट खुलने के 5 मिनट बाद वायरल हुआ प्रश्नपत्र, ग्रामीण केंद्रों पर फेेंकी पर्चियां, 24 परीक्षार्थियों से जब्त की नकल

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की ओर से गुरुवार को जिले में 10वीं कक्षा में अंग्रेजी विषय की परीक्षा के आयोजन में 24 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा है। फ्लाइंग टीमों के सदस्यों ने किलोई, सुंडाना, रिठाल, कंसाला, खिड़वाली, चमारिया गांव सहित अन्य ग्रामीण केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप मिला। कंसाला गांव के सरकारी स्कूल में बने केंद्र में ड्यूटी के दौरान लापरवाही मिलने पर सुपरवाइजर को रिलीव कर दिया गया। वहीं पेपर खुलने के पांच मिनट बाद ही पेपर वायरल हो गया। इसके बाद मददगारों की ओर से पर्चियां पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाते रहेे। दोपहर साढ़े 12 बजे परीक्षा शुरू हुई। दोपहर 12:35 बजे के बाद ही अंग्रेजी विषय के प्रश्नपत्र बाहर खड़े युवकों के मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए पहुंच गए। इसके बाद मददगारों की ओर से पर्चियां बनाने का सिलसिला शुरू हो गया। भास्कर टीम ने गांधी नगर के ब्वॉयज व गर्ल्स सीनियर सेकंडरी स्कूल, किलोई गांव के ब्वॉयज व गर्ल्स सीनियर सेकंडरी स्कूल, चमारिया और भालौठ गांव के केंद्रों के आसपास हालात का जायजा लिया। किलोई गांव के राजकीय कन्या सीनियर सेकंडरी स्कूल में आउटसाइडर्स की भीड़ जमा रही। पिछले हिस्से की तरफ से दीवारों पर चढ़कर पर्चियां फेंकने का खूब दौर चला। चमारियां गांव में बने केंद्र के मुख्य द्वार पंचायत का पहरा रहा लेकिन पिछले हिस्से की तरफ से युवक पर्चियां फेंकने से पीछे नहीं हटे। भालौठ गांव में मेन रोड पर स्थित केंद्र के मुख्य द्वार पर पंचायत प्रतिनिधि और पिछले हिस्से पर पुलिसकर्मियों की टीम बैठी रही।

बहलम्बा में दूसरे की जगह पेपर देता एक पकड़ा : महम । हरियाणा बोर्ड की ओर से आयोजित 12वीं कक्षा के गणित विषय के पेपर में बहलम्बा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के केंद्र में एक छात्र की जगह दूसरे युवक को पेपर देते हुए पकड़ लिया गया। जिसकी शिकायत पुलिस से की है। परीक्षा नियंत्रक हर्ष कुमार ने बताया कि वह निंदाना के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पीजीटी मैथ के पद पर कार्यरत है। 11 मार्च को डयूटी बहलम्बा स्थित परीक्षा केंद्र में लगी थी। जब सुनील से पूछताछ की तो वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका। क्योंकि उसकी जगह दूसरा युवक पेपर देने आया था। दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहा युवक पहचान किए जाने के डर से भाग खड़ा हुआ। जिसकी जगह युवक पेपर देने आया था वह छात्र दादा उदमी भगत पब्लिक स्कूल खरकड़ा का बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की है।

महिलाएं व बुजुर्ग भी पर्चियां पहुंचाने को कर रहीं जोर आजमाइश

किलोई गांव में बने केंद्रों के पिछले हिस्से की तरफ से केंद्र के अंदर पर्चियां पहुंचाने के लिए महिलाएं व बुजुर्ग भी जोर आजमाइश करते हुए मिले। पुलिसकर्मी लाठी लेकर उन्हें दूर हटने को चेतावनी दे रहे थे। यह नजारा सिर्फ किलोई गांव ही नहीं बल्कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित हर केंद्र पर यह नजारा सामान्य रहा। बोर्ड चेयरमैन डॉ. जगबीर सिंह ने गांव की पंचायतों से अपील की है कि वो ग्रामीणों को केंद्र के आसपास न रुकने दें बल्कि उन्हें शांतिपूर्वक परीक्षा के आयोजन होने देने के लिए प्रेरित करें।

परीक्षा केंद्र में महिला कर्मी के पास मोबाइल में मिला सॉल्व पेपर, केस दर्ज : रोहतक |पाकस्मा के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा केंद्र में एक महिला कर्मचारी के पास व्हाट्सएप पर हल किए हुए प्रश्न पत्र मिलने के मामले में केस दर्ज करवा दिया गया है। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के सचिव का कहना है कि बोर्ड के नियम अनुसार सम्बन्धित विद्यालय से नियुक्त किए हुए स्टाफ (लिपिक तथा सेवादार) के अतिरिक्त अन्य स्टाफ/व्यक्ति का प्रवेश निषेध है। इसके बावजूद वहां पर महिला भी केंद्र अधीक्षक के कमरे में थी और उसके पास एक मोबाइल भी बरामद किया गया। जिस पर हल किए हुए प्रश्न पत्र मिले हैं। इसकी फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। बाेर्ड सचिव डॉ. जगबीर सिंह ने सांपला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 4 मार्च को फ्लाइंग जांच के दौरान पाया कि पाकस्मा के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के परीक्षा केंद्र पर केंद्र अधीक्षक के कमरे के साथ लगती लैब में सुमन नाम की महिला के पास मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसमें4 मार्च की परीक्षा के कोड वाइज हल प्रश्न पत्रों की फोटो भी बरामद की गई। महिला को मोबाइल नंबर पर एक अन्य नंबर की ओर से व्हाट्सएप के जरिए कोड वाइज हल किए हुए प्रश्न पत्रों की फोटो भी मिली। महिला ने स्वयं को स्कूल में एलए बताया। बोर्ड सचिव ने एफआईआर दर्ज करवा दी।

कंसाला के परीक्षा केंद्र से सुपरवाइजर को हटाया

डीसी की फ्लाइंग टीम ने चार केंद्रों का निरीक्षण किया। टीम के सदस्यों ने बताया कि किलोई और कंसाला गांव के केंद्रों पर बाहरी युवकों का बाहरी हस्तक्षेप किया। कंसाला गांव के केंद्र के कमरे में नकल कराए जाने का संदेह होने पर सुपरवाइजर को बोर्ड ड्यूटी से हटा दिया गया। टीम ने रिपोर्ट बनाकर बोर्ड चेयरमैन को भेज दी गई।

सुपरवाइजर गले में नहीं डाल रहे आईकार्ड

फ्लाइंग टीम के सदस्यों ने बताया कि केंद्रों के अंदर ड्यूटी पर मौजूद सुपरवाइजर गले में आईकार्ड नहीं डाल रहे हैं। लिहाजा ड्यूटी पर वास्तविक कर्मचारी मौजूद है या नहीं, इसे पहचानने में दिक्कत आ रही है। सभी सुपरवाइजरों को कहा गया है कि वो गले में आईकार्ड डाल कर रखें, ताकि ड्यूटी के दौरान पहचानने में दिक्कत न हो। वहीं परीक्षार्थियों के आधार कार्ड और एडमिट कार्ड में लगी फोटो से मिलान नहीं होने पर भी परेशानी आ रही है।

राेहतक के किलाेई गांव में 10वी.कक्षा की परीक्षा के दाैरान नकल करा रहे बाहरी युवक अाैर पुलिस के बीच अांख मिचाैली चलते हुए। ..फाेटाे सुमित कुमार।
खबरें और भी हैं...