- Hindi News
- Local
- Haryana
- Rohtak
- Rohtak News Haryana News Rpf Engaged In Investigating The Details Of Those Who Booked More Tickets Than Private User Id Limit
होली पर निजी यूजर आईडी से लिमिट से ज्यादा टिकट बुक करने वालों का ब्योरा खंगालने में जुटी आरपीएफ
होली पर यूपी व बिहार व अन्य राज्यों और शहरों की ओर जाने के लिए 15 फरवरी से 12 मार्च के बीच एजेंट और निजी यूजर आईडी से आईआरसीटीसी के जरिए तय सीमा से अधिक बुक की गई ई टिकटों का ब्योरा खंगालने में आरपीएफ की टीम जुट गई है। तय सीमा से अधिक टिकट बुक करने वाले आईडी संचालक व दलाल पर आरपीएफ रेलवे एक्ट के तहत केस दर्ज करेगी। यह जानकारी रोहतक रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी ने दी है। उन्होंने बताया कि कार्रवाई करने से पहले दिल्ली मंडल मुख्यालय में बैठे रेलवे अफसर प्रबल ऐप पर आईडी संचालक की आईपी एड्रेस डालकर टिकटों की संख्या व ब्योरा जुटा रहे हैं। आईआरसीटीसी की वेबसाइट और ऐप से निजी यूजर आईडी के माध्यम से तय सीमा से ज्यादा टिकट बुक करने का मामला मिला तो आरपीएफ अफसर उन्हें निगरानी में लेकर पूछताछ करेंगे।
बार-बार टिकट बनाने वाली यूजर आईडी को किया गया ट्रेस : साफ्टवेयर के जरिए अगर किसी आईडी से या एक ही आईपी एड्रेस से अलग-अलग आईडी का उपयोग कर बार-बार टिकट बनाया जा रहा है, तो उस आईडी की निगरानी की जाएगी और उस पर रेलवे एक्ट के तहत कार्रवाई भी की जाएगी। इस सॉफ्टवेयर में देशभर की उन आईडी की जानकारी दी गई है, जिनसे लगातार टिकट बुकिंग की जाती है।
शहर में कई जगह की थी टीम ने छापेमारी
छह मार्च को आरपीएफ के अफसरों को इनपुट मिला कि शहर में एजेंट निजी आईडी से एक माह में छह से ज्यादा ई टिकट बुक कर रहे हैं। इस मैसेज के आधार पर आरपीएफ इंस्पेक्टर आरके ओझा की अगुवाई में टीम ने शहर के छह स्थानों पर छापेमारी की कार्रवाई की जिसमें आर्य नगर एरिया में एक शॉप संचालक के पास निजी आईडी से बुक की गई चार एडवांस बुकिंग की ई टिकट मिली। इससे पूर्व भी चार टिकट बुक की जा चुकी थी। शहर में आईआरसीटीसी की ओर से अधिकृत किए गए छह एजेंट है, जो टिकटों की बुकिंग कर सकते हैं।
यूजर अाईडी/ अकाउंट पर रहेगी नजर
रोहतक रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी ने बताया कि आरपीएफ महानिदेशक ने इसके लिए एक विशेष सॉफ्टवेयर डेवलप किया गया है। इस सॉफ्टवेयर के जरिए किसी भी यूजर आईडी की मॉनिटरिंग करने में आसानी होगी। सॉफ्टवेयर की मदद से आरपीएफ की साइबर सेल लोगों की टिकट से जुड़ी यूजर आईडी/अकाउंट को चेक कर टिकट बुकिंग का ब्योरा ले सकेंगे।
एक आईडी से महीने में 6 टिकट ही होगी बुक आईआरसीटीसी की पर्सनल यूजर आईडी से एक महीने में 6 टिकट तक बनाए जा सकते हैं। आईडी में आधार अपडेट किया हुआ है, तो यह सीमा प्रतिमाह 12 टिकटों की होती है। पर्सनल आईडी पर अधिक टिकट बनाए जाते हैं, आईडी को निगरानी में लेकर पूछताछ करेगा।
भास्कर फॉलोअप**
7 मार्च को प्रकाशित खबर।