एकता और जनता कॉलोनी में सीवर ओवरफ्लो,जलभराव से लोग परेशान
एकता कॉलोनी और जनता कॉलोनी सहित एक दर्जन से अधिक कॉलोनियों में सीवर ओवरफ्लो होने से यहां के निवासी मुश्किल झेल रहे हैं। नगर निगम की हर बैठक में सीवर समस्या का मुद्दा पार्षदों की ओर से उठाया जाता रहा है। फिर भी हालात जस के तस हैं। पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों की ओर से हमेशा शिकायतों के त्वरित समाधान का आश्वासन दिया जाता रहा है।
वार्ड 20 के अंतर्गत आने वाली एकता कॉलोनीवासी वर्षों से सीवर की समस्या से जूझ रहे हैं। यहां पर अम्रुत योजना के तहत सीवर लाइन भी बिछाई जा रही है। इसके बाद भी मुश्किल हल होती नहीं दिख रही है। कॉलोनी की मुख्य सड़क पर भी सीवर ओवरफ्लो होकर गंदा पानी आसपास के खाली प्लाट में जमा हो रहा है। इससे संक्रामक रोगों के फैलने की भी आशंका बढ़ती जा रही है। झज्जर रोड पर द्वितीय जलघर के पीछे एकता कॉलोनी के एरिया में आबाद घरों की गंदे पानी की निकासी ढंग से नहीं हो पा रही हैं। क्यों कि यहां के सीवर की मेन लाइन भी डैमेज पड़ी हुई है। एकता कॉलोनी निवासी मोहन पंडित, सत्यदेव, प्रशांत, उर्मिला, डोली आदि ने बताया कि कई बार की शिकायत के बाद पब्लिक हेल्थ विभाग की टीम आकर फौरी तौर पर सीवर की सफाई करती है। जो अगले दो से तीन दिन के अंदर फिर से जाम हो जाता है। वर्षों से यहां एक बार भी मशीन से सीवर की सफाई नहीं हुई है।
4 माह से सर्कुलर रोड पर खोदे जा रहे गड्ढे
पब्लिक हेल्थ विभाग सर्कुलर रोड पर 4 महीने से सप्लाई में गंदा पानी आने की शिकायत के समाधान में लगा हुआ है। लेकिन अभी तक उसे सफलता नहीं मिल पा रही है। डबल फाटक रेलवे ओवरब्रिज से लेकर अशोका चौक के बीच में अब तक एक दर्जन से अधिक जगह सड़क तोड़कर पानी की पाइप लाइन की लीकेज की जांच हो चुकी है। डैमेज बताते हुए पाइप के कई टुकड़े भी बदले गए। फिर भी गांधी कैंप, डीएलएफ कॉलोनी, लेबर चौक के अलावा सिंचाई विभाग की कॉलोनी और पब्लिक हेल्थ विभाग की कॉलोनी में गंदे पानी की शिकायत का समाधान नहीं हो पाया है।
मशीन से नहीं हो रही सीवर की सफाई
न्यू जनता कॉलोनी में सीवरेज सिस्टम फेल साबित हो रहे हैं। पार्षद दीपिका नारा ने बताया कि चौकी के पीछे वाली गली, सुनारिया चौक से अहलावत वाली गली, द्रोणाचार्य एकेडमी वाली गली, डॉ. मोंटी वाली गली और सुनारिया चौक से चारा मंडी रोड इलाके में सीवर ओवरफ्लो होने से हालत बिगड़ते जा रहे हैं। शिकायत के बाद भी पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारी न्यू जनता कॉलोनी में मशीन से सीवर की सफाई नहीं करवा रहे हैं। इससे दिक्कत बढ़ती जा रही है।
खाली प्लाट में जमा हो रहा पानी
वार्ड-20 से पार्षद पूनम किलोई ने बताया कि एकता कॉलोनी में सीवरेज सिस्टम का बुरा हाल है। हर दिन एक दर्जन से अधिक शिकायत आती है। गंदा पानी खाली प्लाट में जमा होकर अासपास के घरों के लिए समस्या बना है। इस बारे में नगर निगम कमिश्नर और पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारियों को अनगिनत बार शिकायत की जा चुकी है। लेकिन आज तक इसका समाधान नहीं कराया गया है। सीवर जाम होने से सप्लाई में दूषित पानी आने की भी शिकायतें हैं। इससे लोगों के बीच नाराजगी बढ़ती जा रही है।
कई बार शिकायत के बाद भी पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारी नहीं दे रहे ध्यान