- Hindi News
- Local
- Haryana
- Rohtak
- Rohtak News Haryana News Sewerage Line Not Piled Up In 13 Months Even After Depositing 488 Crores Waiting For Pipe
~4.88 करोड़ जमा करने पर भी 13 महीने में नहीं डली सीवरेज लाइन, पाइप का इंतजार
कच्चा बेरी रोड को एक साल से ज्यादा का अर्सा बीत चुका है। तीन मोहल्लों की हजारों की आबादी, 500 से ज्यादा दुकानदार व रोजाना हजारों की संख्या में यहां से गुजरने वाले लोग दो विभागों की कार्यप्रणाली और लचर रवैये के बीच पिस रहे हैं। दरअसल कच्चा बेरी रोड पर एलीवेटेड रोड के सेकंड फेज का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां एलीवेटेड रोड के पिलरों के निर्माण के आड़े आने पर सीवर-पानी की लाइनें शिफ्ट की जानी थीं। फरवरी 2019 में लाइन शिफ्टिंग का ये प्लान बना था। प्रोजेक्ट के तहत पीडब्लूडी ने पब्लिक हेल्थ विभाग को 4.88 करोड़ रुपए लाइन शिफ्ट के लिए दे दिए। 13 माह बीत जानें के बाद भी पब्लिक हेल्थ सीवर-पानी की लाइन शिफ्ट नहीं कर पाया। ऐसे में रोड भी उखड़ा पड़ा है। लाइन शिफ्ट पर पब्लिक हेल्थ विभाग का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में सीवर लाइन के लिए पाइप मिलने में दिक्कत आई है। अब प्रोजेक्ट जल्द पूरा कर लिया जाएगा। वहीं उखड़े रोड, फैले कीचड़ के कारण 500 दुकानदारेां की दुकानदारी सीधे प्रभावित हो रही है। शहर कभी व्यस्तम रोड में रहे इस रोड पर आज राहगीर परेशान हैं। आसपास की आबादी रोजाना तकलीफ उठा रही हैं।
खतरा... बाइक फिसलने से गिरे, कंधा टूटा, रोज हो रहे यहां ऐसे हादसे...
नेहरू कॉलोनी निवासी मंडी व्यापारी राकेश मनचंदा एक दिन पहले शनिवार को कच्चा बेरी रोड की टूटी हुई सड़क पर गिरकर घायल हो गए। उन्हें दिल्ली के अस्पताल में दाखिल कराया गया है। जहां उनके कंधे का ऑपरेशन करना पड़ा। राकेश मनचंदा ने बताया कि वो रोजाना की तरह अपनी बाइक पर कच्चा बेरी रोड से मंडी की ओर जा रहे थे। कीचड़ के कारण गड्ढों में उनकी बाइक फिसल गई। वो गिरे और कंधे में चोट आई।
कच्चा बेरी रोड उखाड़ने के चलते हुए कीचड़ से गुजरते लोग। (इनसेट) कीचड़ से होकर गुजरती महिला।
दो विभाग व ठेकेदार के बीच पिस रही जनता : एक साल से भी अधिक समय से कच्चाबेरी रोड के दुकानदार दुश्वारियां झेल रहे हैं। पहले पिलर बनाने के लिए सड़क उखाड़कर छोड़ दी गई। अब सीवर व पानी की पाइप लाइन बदलने के लिए फिर से पूरी खोद दी गई है। पीडब्लूडी व पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारी एक दूसरे को इसके लिए दोषी बता रहे हैं। ग्राहकों के नहीं आने से यहां की कई दुकानें बंद हो गई हैं।
500 से ज्यादा दुकानों का काम ठप, 3 मोहल्लों की आबादी रोजाना उठा रही परेशानी
पाइप की कमी से शिफ्टिंग में हो रही देरी
कच्चा बेरी रोड पर पानी की बड़ी पाइप लाइन शिफ्ट करवा दी गई है। काम में देरी होने की वजह पाइप की कमी रही है। मेन पाइप लाइन शिफ्ट करवा दी है। अब 6 इंच की पाइप बदलनी है। इसका प्रबंध किया जा रहा है। अगले 20 दिन में ये पाइप बदल दी जाएगी।
-भानु प्रकाश शर्मा, एक्सईएन पब्लिक हेल्थ विभाग
पाइप लाइन शिफ्ट होते ही बनवा देंगे सड़क
पब्लिक हेल्थ विभाग की ओर से कच्चाबेरी रोड पर पाइप लाइन शिफ्ट करने मेंे देरी की जा रही है। जबकि पैसे उनके खाते में जमा करवाए जा चुके हैं। इसी वजह से बाजार की सड़क बनाने में अड़चन है। सीवर व पानी की पाइप लाइन का कार्य पूरा करते ही सड़क बनवा दी जाएगी।
-हनुमंत सांगवान, एसई पीडब्लूडी
दावे-वादों में काम को टरका रहे दोनों विभाग