शेड की मरम्मत कराने से मना करने पर ठेकेदार पर भड़के दुकानदार
आश्वासन के बाद भी दुकानों के टूटे हुए शेड की मरम्मत को लेकर ठेकेदार और दुकानदारों के बीच सहमति नहीं बनी। तीन बार की बेनतीजा हुई बैठक के बाद ठेकेदार पर दुकानदार भड़क गए। उन्होंने शनिवार को पीडब्ल्यूडी के एसई हनुमंत सांगवान को मौके पर बुलाने का फैसला किया है। कहा कि यदि फिर भ4ी उनकी मांग अनसुनी हुई तो सीधे ठेकेदार ओर पीडब्लूडी के अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराएंगे। बुधवार-गुरुवार की रात में कच्चा बेरी रोड पर निर्माणाधीन एलीवेटेड रोड की शटरिंग गिर जाने से 8 दुकानों के शेड टूट गए थे। इसके बाद ठेकेदार ने शेड की मरम्मत का आश्वासन दिया था, लेकिन शुक्रवार को इसके लिए ठेकेदार और दुकानदारों के बीच तीन बार बैठक हुई। पहले तय किया कि दुकानदार अपने स्तर से मिस्त्री बुलाएंगे। सारा खर्च ठेकेदार देगा। दुकानदार आशु चुग ने बताया कि बाद में ठेकेदार ने मना कर दिया। इससे दुकानदारों के बीच आक्रोश है।
ठेकेदार ने नहीं मानी बात तो डीसी के यहां धरना देंगे
एलीवेटेड रोड के ठेकेदार व पीडब्लूडी के अधिकारी जानबूझकर कच्चा बेरी रोड के दुकानदारों को परेशान कर रहे हैं। जब से यहां पुल का निर्माण कार्य शुरू हुआ है तब से यहां के 500 दुकानदारों का कारोबार ठप है। परिवार चलाना उनके लिए मुश्किल हो गया है। कई दुकानदार काम बंद करके इधर-उधर भटक रहे हैं। पानी व सीवर लाइन टूटी पड़ी है। लोग गंदा पानी पीने को विवश हैं। सीवर ओवरफ्लो होेने सड़क पर बन गए कीचड़ में गिरकर दुकानदार घायल हो रहे हैं। अब पुल की शटरिंग गिरने की नई आफत आई है। वह भी ठेकेदार ने शेड की मरम्मत कराने की बजाए दुकानदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शनिवार को पीडब्लूडी के एसई हनुमंत सांगवान को मौके पर बुलाएंगे। फिर भी बात नहीं बनी तो सीधे डीसी के यहां दुकानदार धरना देंगे।
-राजेश लूंबा टीनू, व्यापारी नेता।
रोहतक कच्चा बेरी रोड पर शेड गिरने के मामले में दुकानदारों से बात करते ठेकेदार।