श्याम से श्यामा बोली-चलो खेलेंगे होली, तुम ग्वाल बाल संग लाना मेरे संग सखियां होंगी
हाेलिका दहन की पूर्व संध्या पर रविवार को धार्मिक स्थलों पर संतों-महंतों व श्रद्धालुओं ने होली के उपलक्ष्य में भजन-कीर्तन सत्संग का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गुरु और भगवान की कृपा आधारित संगीतमय भजनों की प्रस्तुति पर भक्तजन निहाल होते रहे। संतों ने उपस्थित शहरवासियों से तिलक होली खेलने का आह्वान किया। इसके प्रतीक के रूप में कार्यक्रम के समापन से पहले फूलों की होली खेली गई। डेराश्री बाबा लक्ष्मणपुरी महाराज गोकर्ण तीर्थ परिसर में रविवार की शाम 7 बजे श्रीराधा नाम संग कीर्तन मंडल की ओर से सत्संग आयोजित किया गया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी कपिल पुरी महाराज व महंत कमल पुरी महाराज के सानिध्य में कीर्तन मंडली की ओर से भावों से सराबोर भजनों की प्रस्तुति विशेष रूप से सराही गई। सैंकी दुआ, राजीव दुआ, प्रतीक सपड़ा व आशू चुंग आदि ने श्याम से श्यामा बोली चलो खेलेंगे होली, तुम ग्वाल बाल संग लाना मेरे संग सखियां होंगी/ श्यामा होली खेलन आइयां तेरिया सालिया वे, कर्मा वालिया वे/ हमारे हैं श्री गुरुदेव हमें किस बात की चिंता, मेरे बाबा को रहती है मेरे हर बात की चिंता आदि भजनों उपस्थित साध संगत को निहाल किया। मंगल आरती के बाद उपस्थित लोगों ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया।
पुरीधाम में भक्तों ने खेली फूलों की होली
सर्कुलर रोड स्थित श्री डेरा बाबा बालक पुरी महाराज पुरीधाम में रविवार की शाम 4 बजे होली के उपलक्ष्य में भजन-कीर्तन का कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महंत स्वामी कर्णपुरी महाराज व बाबा सुरेश पुरी महाराज के सानिध्य में भजन शुरू किया गया। इस अवसर पर भक्तों ने विनोद भुटयानी, मनोज मलिक, विपिन शर्मा, आशु, सोनिया, अनु, सोनम, रीटा, शालू, सुमन व आरती आदि भक्तों ने रंग दी बहार होली आई है, श्रीकृष्ण गुलाल लेकर राधा संग खेलते होली और हम तो राधा के भिखारी भरी रहती है झोली हमारी, इतना देती हैं मैं क्या बताऊं इनकी रहमत के गुण कैसे गाऊं जैसे राधा-कृष्ण को समर्पित भजनों की प्रस्तुति से उपस्थित लोगों का निहाल किया। अंत में भक्तों ने फूलों की होली खेलते हुए एक दूसरे को होली पर्व की शुभकामना दी।
रोहतक के पुरीधाम में स्वामी बाबा कर्ण पुरी व बाबा सुरेश पुरी के सानिध्य में फूलों की होली खेलते भक्त जन।