छुड़ानी के पास अाॅटाे और गाड़ी की टक्कर में बेटे की माैत, पिता घायल
बहादुरगढ़ | गांव छुड़ानी के पास मंगलवार की रात एक ऑटो व गाड़ी में टक्कर हो गई। इस टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बादली थाना पुलिस ने बुधवार की सुबह शहर के समान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार छुड़ानी निवासी श्रीभगवान पिछले कई दिनों से बीमार चल रहा था। मंगलवार की शाम अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। उसकी बिगड़ती हालत को देख उसका बेटा मंजीत उसे ऑटो में लेकर बहादुरगढ़ के लिए चला था। जब वह छुड़ानी से थोड़ी आगे चले तो उनके ऑटो व गाड़ी में टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही ऑटो सड़क पर पलट गया। जिससे ऑटो में सवार श्रीभगवान व मंजीत घायल हो गए। राहगीरों की मदद उन्हें इलाज के लिए अस्तपाल में लाया गया, जहां डॉक्टर ने मंजीत को मृत घोषित कर दिया।