युवक क्रांति अभियान के जनक थे स्वामी इंद्रवेश : आर्यवेश
सार्वदेशिक आर्य प्रतिनिधि सभा नई दिल्ली के प्रधान स्वामी आर्यवेश ने कहा कि स्वामी इंद्रवेश आजाद भारत में आर्य समाज के आंदोलनों व युवक क्रांति अभियान के जनक थे। वे स्वामी इंद्रवेश विद्यापीठ में चल रहे 13वें बेटी बचाओ महायज्ञ में शुक्रवार को स्वामी इंद्रवेश का 83वें जन्मदिन कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि अपने अप्रतिम योगदान के लिए स्वामी इंद्रवेश हमेशा याद किए जाएंगे। उन्होंने हरियाणा राज्य बनने के एक वर्ष बाद ही शराबबंदी व किसान आंदोलन का सफल नेतृत्व किया। 1970 में आर्य सभा नाम की राजनैतिक पार्टी बनाई। 1974 में गुरुकुल कांगड़ी के कुलाधिपति बने। 1975 में जेपी आंदोलन की संघर्ष समिति के हरियाणा के अध्यक्ष बने। वर्ष 1986 में उग्रवाद के खिलाफ 21 दिन की भूख हड़ताल की। वर्ष 1992 व 93 में शराबबंदी के लिए पद यात्रा की। उन्होंने सबसे ज्यादा संन्यासी व जीवनदानी कार्यकर्ता आर्य समाज को दिए हैं। उन्होंने आर्य समाज की आंदोलनात्मक शैली को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया।
आर्य संन्यासियों को सम्मानित किया: कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी चन्द्रवेश ने की। समाजसेवी महावीर ठेकेदार, जगदेव शास्त्री, माता मूर्ति देवी ने भी विचार रखे। स्वामी आर्यवेश व स्वामी चन्द्रवेश ने आर्य समाज के समर्पित आर्य संन्यासियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर अजय कुंडू, विवेकानंद, सहसरपाल आर्य, सोनू आर्य, सुनीता खासा, एकता आर्या, दयानंद शास्त्री, रामेश्वर,यज्ञवीर, रामचन्द्र, जितेंद्र, राजबीर, उर्मिल, अजित, रामफल आदि मौजूद रहे।
महायज्ञ 15 को पूर्णाहुति के साथ संपन्न होगा: बेटी बचाओ अभियान की राष्ट्रीय संयोजक प्रवेश आर्या ने कहा कि बेटी बचाओ अभियान स्वामी इंद्रवेश ने ही 2005 में गुजरात के टंकार से प्रारंभ किया। हम निरन्तर बेटी बचाओ अभियान के माध्यम से स्वामी इंद्रवेश के कार्यों को आगे बढ़ाते रहेंगे। पूनम आर्या ने बताया कि बेटी बचाओ महायज्ञ 15 मार्च को पूर्णाहुति व महासंकल्प के साथ संपन्न होगा।
कोरोना से बचाव के लिए शाकाहार को अपनाएं : वैद्य सत्यप्रकाश आर्य ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव का सबसे अच्छा तरीका यज्ञ के पास बैठना व शाकाहार को अपनाना है। यज्ञ का तापमान व उसमें डाली गई आयुर्वेदिक औषधियों से कोरोना जैसे अन्य वायरस हमें प्रभावित नहीं कर सकेंगे। इसलिए हमें पुनः प्राचीन चिकित्सा पद्धति की ओर लौटना पड़ेगा, तभी हम स्वस्थ व प्रसन्न रह सकेंगे।
स्वामी इंद्रवेश विद्यापीठ में चल रहे महायज्ञ में आर्यजन।