शादी में अाए तंदूर कारीगर का शव दीवार में लगे कुंडेे पर लटका मिला
कलानौर के वार्ड 3 में गुरुवार को एक घर में शादी में तंदूर पर रोटी बनाने आए कारीगर कलानौर के वार्ड 9 के राजेंद्र का शव संदिग्ध परिस्थिति में दीवार में लगे कुंडे पर लटका मिला। इस घटना की सूचना पाकर कलानौर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई में भिजवा दिया। मृतक राजेंद्र के भाई संजय ने पुलिस काे बताया कि उनका भाई राजेंद्र पुत्र सूबे सिंह चमेली मार्केट में कपड़ा व्यवसायी सुमित मदान के भाई की शादी पर तंदूर पर रोटी बनाने के लिए वार्ड-3 में आया हुआ था। राजेंद्र के साथ दो और साथी कारीगर भी थे। राजेंद्र ने शादी वाले घर के साथ लगते श्याम चुघ के प्लाट में तंदूर लगाया हुआ था। बुधवार रात को एक कारीगर पुष्पेंद्र काम खत्म होने के बाद अपने भिवानी के खरक गांव चला गया जबकि राजेंद्र अपने कलानौर के साथी हेल्पर भूरिया के साथ शादी समारोह वाले घर में सो गया। सुबह राजेंद्र ने करीब चार बजे परांठे बनाने के लिए आलू उबाले अाैर हेल्पर भूरिया पानी भरने के लिए अपने घर चला गया। सुबह करीब आठ बजे श्याम चुघ ने अपने प्लाट में राजेंद्र का शव कुंडे पर लटका हुआ देख सुमित मदान व पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही कलानौर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्यवाही कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक राजेंद्र के भाई संजय ने पुलिस में शिकायत देकर मृत्यु के कारणों की जांच करवाने को कहा है। पुलिस ने राजेंद्र के शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों के सपुर्द कर दिया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार : इस मामले में जांच अधिकारी मनजीत फोगाट का कहना है कि मृतक राजेन्द्र के भाई संजय की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। मृतक राजेन्द्र के शव का।पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।