सब्जी रेहड़ी संचालक से मारपीट कर तीन युवकों ने छीनी नगदी
रोहतक| पाड़ा मोहल्ला में गुरुवार रात को तीन युवकों सब्जी की रेहड़ी संचालक के साथ मारपीट कर 4 हजार रुपए छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों युवक पैदल मौके से फरार हो गए। मामले के बारे में पुलिस को सूचित किया। थाना पुरानी सब्जी मंडी पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गुरुनानकपुरा निवासी राजकुमार ने बताया कि वह रेहड़ी पर सब्जी बेचने का काम करते है। गुरुवार रात करीब दस बजे वह पाड़ा मोहल्ला में सब्जी बेचकर अपने घर की ओर आ रहे थे। रास्ते में भाटिया स्कूल के पास तीन युवक आए। एक लड़के ने उन्हें पकड़ लिया और दो युवक उनकी जेब से करीब 4 हजार रुपए निकालकर फरार हो गए। राजकुमार के शोर मचाने के बाद आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। मामले के बारे में पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी गई। लूट की सूचना के बाद थाना पुरानी सब्जी मंडी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राजकुमार के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।