पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

चोरी के झूठे केस की अनट्रेस रिपोर्ट बनाई, चौकी इंचार्ज समेत 3 सस्पेंड

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक

महम थाना में 2019 में ट्रक चोरी की दर्ज हुई एक एफआईआर की पूरी कहानी फर्जी निकली। कहानी में सामने आया कि लाखों रुपए इंश्योरेंस क्लेम वसूलने के लिए इस ड्रामे को रचा गया। चोरी की झूठी एफआईआर दर्ज कराई गई थी।

पुलिस से सांठगांठ कर एक महीने में ही इस केस की अनट्रेस रिपोर्ट हासिल की गई। अब इस फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद डीएसपी पृथ्वी सिंह की रिपोर्ट को आधार बना एसपी राहुल शर्मा ने महम चौकी के तत्कालीन इंचार्ज एएसआई रमेश, एएसआई विकास, हवलदार रवि को सस्पेंड कर दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक चौकी इंचार्ज ने करीब छह महीने पहले ट्रक चोरी मामले की एक महीने में अनट्रेस रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों के पास भेज दी थी।

महम डीएसपी पृथ्वी सिंह ने मामले की जांच की तो ट्रक मालिक और ड्राइवर दोनों अपने बयानों में उलझ गए। जांच में सामने आया कि ट्रक का 22 लाख का इंश्योरेंस था और इंश्योरेंस के लिए ट्रक मालिक सिसर खास गांव के सुनील ने झूठी एफआईआर दर्ज करवाई थी।

चौकी इंचार्ज की टीम ने इस मामले की गहनता से जांच करने की बजाए उसे अनट्रेस दिखा दिया। महम डीएसपी ने पूरे मामले की रिपोर्ट एसपी राहुल शर्मा को दी। इसमें तीनों पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने समेत गंभीर आरोप लगाए गए।

एफआईआर अनाज मंडी से चोरी होना दिखाया ट्रक

22 नंवबर 2019 को सिसर खास निवासी सुनील ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके एक ट्रक है। ट्रक पर सैमाण गांव निवासी मंदीप चालक है। 21 नंवबर को मंदीप ट्रक को महम अनाज मंडी में खड़ा करके रोहतक में अपने किसी निजी काम से गया हुआ था। जब वो वापस आया तो उसे ट्रक गायब मिला। ट्रक को किसी अज्ञात व्यक्ति ने चोरी कर लिया। महम चौकी पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया था। चौकी इंचार्ज एएसआई रमेश, एएसआई विकास और सिपाही रवि ने मामले की जांच की। जांच के बाद एक महीने में ही ट्रक चोरी की अनट्रेस रिपोर्ट तैयार कर दी। इसी पर डीएसपी को बाद में शक हुआ और इस कारनामे का खुलासा हुआ।

फाइल जांच में डीएसपी को हुआ शक: महम डीएसपी पृथ्वी सिंह ने रूटीन फाइल जांच के दौरान इस मामले को पकड़ा। उन्हें चोरी के केस की एक महीने में ही अनट्रेस रिपोर्ट बनाने पर शक हुआ। उन्होंने मामले की जांच की तो पता चला कि ट्रक मालिक झूठी एफआईआर दर्ज करवाकर इंश्योरेंस कपंनी से बीमा राशि लेना चाहता है। पुलिस ने मामले में ट्रक मालिक को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की तो आरोपी ने खुलासा किया कि इंश्योरेंस की राशि हड़पने के लिए ही झूठी एफआईआर दर्ज करवाई थी। डीएसपी ने चौकी इंचार्ज और जांच अधिकारी पर मामले की जांच में लापरवाही बरतने के संबंध में रिपोर्ट बनाकर एसपी को दी थी।
खबरें और भी हैं...