पोषण के बारे में जागरूक करने के लिए गांव-गांव भेजी वैन
डीसी आरएस वर्मा ने कहा कि 8 से 22 मार्च तक जिले में पोषण पखवाड़ा अभियान मनाया जा रहा है। लोगों को पोषण के बारे में जागरूक करने के लिए वैन गांव-गांव में भेजी गई है। लोगों विशेषकर महिलाओं को खून की कमी से बचाव के उपाय व खून की कमी को पूरा करने बारे जागरूक किया जा रहा है। अब तक इस अभियान के दौरान जिले में छह लाख से अधिक व्यक्तियों की ओर से पंजीकरण कराया गया है। अभियान को लागू करने में रोहतक जिला प्रदेश भर में छठे स्थान पर है। जिले में लगभग तीन लाख प्रतिभागियों को पोषण के बारे में जागरूक किया है। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से 998 गतिविधियां की गईं हैं। इनमें साइकिल रैली के अतिरिक्त गोद भराई, गर्भवती महिलाओं को आहार बारे जागरूक करना आदि शामिल है। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए कि वे इस अभियान की प्रोग्रेस रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जिले में मेरी फसल-मेरा ब्योरा के तहत 52 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया है।
मेरी फसल-मेरा ब्योरा में 52% लक्ष्य हासिल, जिला प्रदेश में छठे नंबर पर : डीसी ने कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उपनिदेशक को निर्देश दिए कि वे प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसलों का बीमा करने वाली कंपनियों से राजस्व सर्कल अनुसार बिमित किसानों की सूची ले। ताकि विशेष गिरदावरी के दौरान फसलों को हुए नुकसान की सही रिपोर्ट तैयार की जा सकें। उन्होंने कहा कि अभी तक जिले में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के जरिए फसलों का बीमा कराने वाले लगभग 2450 किसानों के मुआवजे के लिए दावे प्राप्त हुए हैं। उन्होंने जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक निर्देश दिए कि वे बैंकों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के जरिए बिमित किसानों की रिपोर्ट उपलब्ध कराएं। इस अवसर पर एसपी राहुल शर्मा, एडीसी महेंद्रपाल, एसडीएम राकेश कुमार, सिटीएम जगनिवास, डीडीपीओ नरेंद्र धनखड़, सिविल सर्जन डॉ. अनिल बिरला, महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी बिमलेश कुमारी, कृषि उपनिदेशक डॉ. रोहताश सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जिला विकास भवन में बैठक लेते डीसी आरएस वर्मा।