- Hindi News
- Local
- Haryana
- Rohtak
- Rohtak News Haryana News Villagers Upset Over Water Drainage Due To Closure Of Sewer In Ismail Gave A 3 Day Ultimatum By Giving Memorandum To The Tehsildar
इस्माइला में नाला बंद करने से पानी निकासी नहीं होने पर ग्रामीण परेशान, तहसीलदार को ज्ञापन देकर 3 दिन का दिया अल्टीमेटम
सांपला के लघु सचिवालय पहुंचे इस्माइला 9बी के ग्रामीण।
सांपला। गांव इस्माइला 9बी में नाला बंद किए जाने के कारण गंदा पानी गली में फैलने से ग्रामीणों को खासी परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीणों गंदे पानी की समस्या से निजात दिलाने की मांग को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा तथा तीन समस्या के समाधान के लिए तीन दिन का अल्टीमेटम दिया। ग्रामीणों का कहना था कि प्रशासन अगर उनकी समस्या का समाधान नहीं करता है तो वह तहसील परिसर या फिर हाईवे के साथ धरने पर बैठ जाएंगे। गांव इस्माइला 9बी से ग्रामीण लघु सचिवालय पहुंचे। ग्रामीणों ने एसडीएम से मुलाकात करने का प्रयास किया, लेकिन उनकी अनुपस्थिति में वह तहसीलदार राकेश से मिले। ग्रामीण कुलदीप, सुरेंद्र खत्री, बालकिशन, प्रदीप, टेकचन्द, जगबीर, संदीप, रणबीर, मूर्ति, संतरा, केला देवी, सुनीता, शीला व राजपति सहित अन्य ग्रामीणों ने तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि गांव में चुलियाना की तरफ जाने वाले रास्ते पर जोहड़ के पास गंदे पानी की निकासी के लिए नाला बना रखा है। पिछले करीब एक माह पहले किसी ने नाले को आगे से अवरुद्व कर दिया है जिसके कारण गंदे पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। गंदे पानी की निकासी न होने के कारण गंदा पानी गली में ही फैल गया है। गली में फैले गंदे पानी व कीचड़ के कारण लोगो को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है तथा घरों में भी ग्रामीण नहीं घुस या फिर निकल पा रहे हैं। नाले के साथ जोहड़ होने के कारण बड़े हादसे का अंदेशा बना हुआ है। गंदगी के कारण चारों तरफ बदबू फैली हुई है तथा बीमारियां फैलने का अंदेशा बढ़ गया है। ग्रामीणों ने अधिकारी को 3 दिन में समस्या के समाधान का अल्टीमेटम दिया है। वहीं तहसीलदार ने भी ग्रामीणों को उनकी समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।