शिक्षा, स्वास्थ्य व रोजगार मुद्दे पर आंदोलन खड़ा करें युवा : मुखर्जी
भारत की जनवादी नौजवान सभा के दो दिवसीय राज्य सम्मेलन की शुरुआत सुखपुरा चौक स्थित कर्मचारी भवन में खुले अधिवेशन के साथ की गई। खुले अधिवेशन की अध्यक्षता संगठन के राज्य प्रधान नरेश दनौंदा और कैप्टन शमशेर सिंह ने संयुक्त रूप से की और मंच का संचालन राज्य सचिव संदीप सिंह व राहुल ने किया। स्वागत समिति के अध्यक्ष कैप्टन शमशेर सिंह ने खुले अधिवेशन के बारे बताया। मुख्य वक्ता और नौजवान सभा के अखिल भारतीय महासचिव अभय मुखर्जी ने कहा कि देश का नौजवान बेरोजगारी के संकट से गुजर रहा है। युवा शिक्षा, स्वास्थ्य एवं रोजगार के मसले पर एक मजबूत युवा आंदोलन खड़ा करें। खुले अधिवेशन में सीटू की राज्य अध्यक्ष सुरेखा, सर्व कर्मचारी संघ के राज्य महासचिव सतीश सेठी, किसान सभा के राज्य महासचिव व पूर्व विधायक का. हरपाल सिंह ने नौजवान सभा के साथ एकजुटता प्रकट की। इसके पश्चात हरियाणा भर से आए हुए तमाम प्रतिनिधि झंडे और बैनरों के साथ प्रदर्शन करते हुए सम्मेलन स्थल जसबीर स्मारक पर पहुंचे। सम्मेलन दो दिन तक चलेगा, जिसमें पिछले कार्यों की समीक्षा करते हुए आगामी आंदोलनों की योजना बनाई जाएगी।