पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
पलवल. पलवल में मामूली विवाद के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। वारदात की वजह बीच सड़क पर खड़ी जीप को हटाने के लिए कहा गया था। इस मामले में 4 के खिलाफ नामजद करते हुए 7 लोगों की तलाश में पुलिस जुटी है। फिलहाल तीन दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लगा है।
क्या है पूरा मामला
घटना पलवल जिले के गांव छपरौला की है। सुदेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि 9 मार्च की रात करीब 8 बजे वह और उसका भतीजा नरबीर अपनी कार में सवार होकर उत्तर प्रदेश के कोसी कलां से आ रहे थे। रास्ते के बीचों-बीच गांव के ही निवासी वेदपाल, ओमबीर, पूरण सिंह, जीतू व उनके तीन अन्य साथी एक जीप को खड़ी किए हुए थे। जीप हटाने के लिए कहते ही ये लोग झगड़े पर उतारू हो गए।
भाई मौके पर पहुंचा तो उसे लगी दो गोली
विरोधियों की तरफ से चलाई गई गोली से बचने के बाद बाल-बाल बचे सुदेश ने इस घटना की जानकारी अपने भाई विजयपाल को दी। जब विजयपाल मौके पर पहुंचा तो उन लोगों ने विजयपाल पर भी गोली चला दी। एक गोली छाती में तो दूसरी हाथ पर लगी तो विजयपाल लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। सुदेश ने यह भी बताया कि जब वह घायल भाई को संभाल रहा था तो विरोधियों ने जीप से उसे टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए।
तीन दिन बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं
विजयपाल को फरीदाबाद के सर्वोदय अस्पताल पहुंचाया गया तो वहां डॉक्टर्स ने उसे मृत घोषित कर दिया। झगड़े की सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर विजयपाल के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवाया। सुदेश के बयान पर वेदपाल, ओमबीर, पूरण सिंह, जीतू व उनके तीन अन्य साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। हालांकि बुधवार को खबर लिखे जाने तक पुलिस किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी थी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.