पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
यमुनानगर. जोड़िया गुरुद्वारे में होला मोहल्ला को लेकर लगे मेले में फोर व्हीलर चालक ने 8 लोगों को कुचल दिया। इसमें दो महिलाओं समेत तीन की मौत हो गई, वहीं पांच लोग घायल हैं। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना से गुस्साए कुछ लोगों ने फोर व्हीलर चालक निखिल की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान सिविल अस्पताल में हादसे की कवरेज करने पहुंचे एक टीवी पत्रकार की भी पिटाई कर दी। वहीं अस्पताल स्टाफ ने दरवाजे बंद कर जान बचाई। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। पुलिस ने तीनों के शवाें को पोस्टमार्टम रूम में रखवा दिया है।
पुलिस के अनुसार मरने वालों में चिट्टा मंदिर रोड शांति कॉलोनी निवासी ममता (30), अशोक (35) और गांव लक्षीबांस निवासी शिवानी (40) शामिल हैं। इसमें चालक की भाभी भी शामिल है। ममता होला मोहल्ला मेले में गई थी। वहीं अशोक अमृत गैस एजेंसी से गैस सिलेंडर सप्लाई करता है। वह सिलेंडर सप्लाई करने के लिए गया था। जोड़िया के पास पेट्रोल पंप पर गाड़ी खड़ी कर मेला देखने गया था। वहीं शिवानी अपनी बहन के घर गांव गोबिंदपुरा में आ रही थी।
इस हादसे में शिवानी की बेटी शगुन, बहन के परिवार से शुभम और रितेश को भी चोट लगी है। ये लोग दो बाइक पर अलग-अलग थे। फोर व्हीलर चालक निखिल ने बताया कि वह जोड़िया नाका से सामान लोड कर यमुनानगर की तरफ आ रहा था जो जोड़िया के पास पहुंचा तो वहां पर मेला लगा होने से ब्रेक नहीं लग पाए और एक के बाद एक तीन दोपहिया वाहनों से उसकी गाड़ी टकराते हुए एक कार में जा लगी। कार के टकराने के बाद गाड़ी रुकी। फर्कपुर थाना के सब इंस्पेक्टर सतपाल सिंह का कहना है कि मृतकों के शवों का सोमवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इस मामले में फोर व्हीलर चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.