पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
चंडीगढ़. रामदरबार की रहने वाली एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी है कि उनके घर के सामने रहने वाले राहुल ने उनपर चाकू से वार किया जिसमें उनकी सात महीने की पोती घायल हो गई है। मामले में सेक्टर-31 थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कातिलाना हमले करने की धारा और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
शिकायतकर्ता सुनीता रामदरबार में परिवार समेत रहती है। उसके तीन बेटे हैं। एक बेटे की दो बेटियां है। घटना के समय वह घर पर मौजूद थी। उनकी बहू 7 महीने की सीरत को घर छोड़कर गई थी। इस बीच सुनीता के बेटे और उनके घर के सामने रहने वाले राहुल के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। उन्होने झगड़ा शांत करवाया। बाद में राहुल की मां उसे अपने घर के अंदर ले गई।
थोड़ी देर बाद राहुल अपने घर से एक चाकू लेकर आया। सुनीता बच्चे को गोद में लिटाकर बैठी हुई थी। आते ही आरोपी ने चाकू निकाला और सुनीता की तरफ वार कर दिया। चाकू बच्ची को लगा। सुनीता ने शोर मचाया। जिस पर जमा हुई भीड़ ने जानकारी पुलिस को दी। तुरंत घायल बच्ची और सुनीता को इलाज के लिए जीएमसीएच-32 लेकर जाया गया जहां पर पुलिस ने सुनीता के बयान लेने के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
सिर में लगा चाकू
चाकू का वार 7 महीने की मासूम के सिर पर लगा। इसके बाद मासूम के सिर से खून निकलने लगा। गनीमत रही कि इस घटना में मासूम की जान नहीं गई। फिलहाल बच्ची अस्पताल में एडमिट है। उसके सिर पर 16 टांके लगे हैं। बच्ची को सिर का सिटी स्कैन और एक्सरे करवाया गया है। ताकि क्लियर हो सके कि बच्ची के सिर में कोई गंभीर चोट तो नहीं पहुंची है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.