पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
सोलन. फर्जी डिग्री मामले में पुलिस ने खुलासा किया है कि मानव भारती चैरिटेबल ट्रस्ट के चेयरमैन राजकुमार राणा की डिग्री भी फर्जी है। राजकुमार राणा ने वर्ष 2016 में एक साथ पीएचडी और एलएलएम की डिग्री इसी यूनिवर्सिटी से हासिल की है। अब पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है। मामले का खुलासा होने के बाद से वह अंडरग्राउंड है। इस मामले में गुरुवार को पुलिस ने दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया। दोनों कर्मचािरयों यूनिवर्सिटी के असिस्टेंट रजिस्ट्रार मनीष गोयल और कर्मचारी प्रमोद सिंह से पूछताछ कर रही है।
नियम ये कि दो डिग्रियां एक साथ नहीं कर सकते
यूजीसी नियमों के अनुसार अब तक ऐसा कोई नियम नहीं है कि रेगुलर दो डिग्रियां एक साथ की जा सकें। हालांकि सर्टिफिकेट कोर्स और डिप्लोमा रेगुलर डिग्री के साथ कर सकते हैं। इन डिग्रियों की भी जांच की जाएगी। इस मामले से जुड़े मानव भारती यूनिवर्सिटी के कर्मचारियों ने अग्रिम जमानत के लिए याचिका लगाई है। इस मामले की 13 मार्च को सुनवाई होनी है।
माधव यूनिवर्सिटी से लौटी एसआईटी
राजस्थान की माधव यूनिवर्सिटी में छापेमारी में बरामद दस्तावेज व अन्य सामान लेकर एसआईटी सोलन वापस लौट आई। जल्द ही एसआईटी की दूसरी टीम फिर से मानव भारती यूनिवर्सिटी में जांच के लिए जाएगी। एसआईटी का नेतृत्व कर रहे एसपी सोलन अभिषेक यादव ने कहा कि मानव भारती यूनिवर्सिटी में बड़ी संख्या में ऐसी डिग्रियां मिली हैं जो कोर्स 2012 में बंद हो गए थे। गौरतलब है कि मानव भारती यूनिवर्सिटी के पूर्व डाटा ऑपरेटर से पूछताछ के बाद माधव यूनिवर्सिटी में छापा मारा गया था, जहां से भारी मात्रा में मानव यूनिवर्सिटी से जुड़े कागजाता बरामद किए गए थे। 1300 फर्जी डिग्रियां भी मिली थीं।
धर्मशाला में इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट में रेड
सोलन पुलिस की एक टीम ने धर्मशाला के इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट में गुरुवार को रेड की। पुलिस के पहुंचने से पहले ही संस्थान का संचालक फरार हो चुका था। पुलिस ने संस्थान का रिकॉर्ड खंगाला। यहां से फर्जी प्रमाण पत्र, जरूरी दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस हाथ लगे हैं, जिससे कई अहम सुराग पुलिस को मिल सकते हैं। वहीं पुलिस ने पालमपुर में दबिश देकर एक युवक को पूछताछ के लिए पकड़ लिया है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.