पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
चंडीगढ़ (रोहित रोहिला). पंजाब के ट्रांसपोर्ट विभाग में कर्मचारियों के बैकलॉग को पूरा करने के लिए विभाग की ओर से एक पाॅलिसी तैयार की जाएगी। इसके तहत विभाग में खाली पड़े पदों को भरा जाएगा। विभाग के अधिकारी कर्मचारियों को कांट्रेक्ट पर रखने की बजाय पक्की भर्ती किए जाने के पक्ष में हैं। विभाग में मौजूदा समय में 3062 पद खाली हैं। बैकलॉग को पूरा करने के लिए विभाग के अधिकारी दूसरे राज्यों की पाॅलिसी का भी अध्ययन कर रहे हैं ताकि पता लगाया जा सके कि दूसरे राज्यों में विभाग में भर्ती प्रक्रिया और बैकलॉग को किस तरह से पूरा किया जाता है। स्टाफ की कमी से विभाग का कामकाज भी प्रभावित होता है।
हालांकि विभाग मौजूदा समय में कांट्रेक्ट एवं आउटसोर्स के जरिए कर्मचारियों की भर्ती कर काम चला रहा है। विभाग द्वारा जल्द ही खाली पड़े पदों को भरने के लिए राज्य सरकार को लिखा जाएगा। सरकार की मंजूरी मिलते ही इन पदों पर भर्ती शुरू कर दी जाएगी। इसमें रिजर्वेंशन कोटे के पदों को भी भरा जाएगा। ट्रांसपोर्ट मंत्री रजिया सुल्ताना ने कहा कि विभाग में बैकलॉग और रिजर्वेशन कोटे के पदों को समय समय पर भरा जाता है। भर्ती के समय यह तय किया जाता है कि पदों को पाॅलिसी के तहत ही भरा जाता है।
यूनियनें लगातार कर रही हैं खाली पड़े पदों को भरने की मांग
ट्रांसपोर्ट विभाग की यूनियनें लगातार सरकार से विभाग में कांट्रेक्ट पर काम कर रहे कर्मचारियों को पक्का करने के साथ विभाग में खाली पड़े पदों को भरने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारी संगठनों का कहना है कि कर्मचारियों की कमी के चलते विभाग के दूसरे कर्मचारियों पर काम का बोझ बढ़ जाता है। जिसके लिए संगठन लगातार सरकार पर इन खाली पड़े पदों को भरने की मांग कर रहे है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.