पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

पासपोर्ट आवेदकों को ठगने वाले एजेंटों पर कसा शिकंजा, जांच शुरू

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पासपोर्ट आफिस अधिकारी ने कहा लोग एजेंटों के झांसे में न आए। डेमो फोटो - Dainik Bhaskar
पासपोर्ट आफिस अधिकारी ने कहा लोग एजेंटों के झांसे में न आए। डेमो फोटो
  • पासपोर्ट अधिकारी ने कहा, एजेंट के झांसे में न आएं आवेदन कई जिलों में जमा कराए जाते हैं
  • पासपोर्ट आफिस के बाहर सादी वर्दी में पुलिस को लगाने के लिए एसएसपी से शिकायत की

मनीमाजरा. पासपोर्ट आवेदकों को ठगने वाले एजेंटों पर अब शिकंजा कसता ही जा रहा है। ऐसे एजेंटों की पहचान करने के लिए पुलिस को कार्रवाई करने के लिए आग्रह किया गया है ताकि पासपोर्ट आवेदकों के साथ ठगी ना हो। इसी के चलते हाल ही में लुधियाना पुलिस ने भी कार्रवाई की है। चंडीगढ़ के रीजनल पासपोर्ट अधिकारी शिवास कविराज ने इस बात की जानकारी दी है। उनका कहना है कि चंडीगढ़ के पासपोर्ट कार्यालय में आवेदकों की सुविधा के लिए कई तरह के नियम बनाए हैं। इसके बावजूद भी कुछ एजेंट्स आवेदकों को गुमराह करते हैं। ऐसे एजेंटों पर कार्रवाई ऐसा करने की जरूरत है। लिहाजा पुलिस को यह कार्रवाई करनी चाहिए।

एसएसपी को शिकायत दी
गौरतलब है कि सेक्टर-34 स्थित रीजनल पासपोर्ट आफिस में बीते सोमवार की देर शाम पासपोर्ट रिन्यू करने के नाम पर 30 हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोप में पासपोर्ट असिस्टेंट समेत सीबीआई ने दो लोगों की गिरफ्तारी के बाद पासपोर्ट ऑफिस के आला अधिकारियों ने अब सख्ती बरतते हुए ऑफिस के बाहर घूम रहे एजेंट पर कार्रवाई करने के लिए चंडीगढ़ की एसएसपी निलाबंरी जगदाले को शिकायत दी है।

टोल फ्री नंबर पर फोन करें
चंडीगढ़ के रिजनल पासपोर्ट ऑफिसर शिवास कविराज ने बताया किसी भी आवेदकों को किसी भी प्रकार की कोई परेशानी आती है तो वह सीधा उनके ऑफिस में जाकर मिले। उसकी समस्याओं का निवारण जरूर निकाला जाएगा। साथ ही उन्होंने 9729990006 नंबर भी जारी कर कहा कि किसी भी आवेदक से कोई भी पैसे मांगता है तो आवेदक इस नंबर पर शिकायत कर सकता है। उन्होंने कहा कि एजेंटों पर कार्रवाई करने के लिए शहर की एसएसपी को शिकायत दी गई हैं। एजेंट द्वारा लगातार आवेदकों से फर्जी साइट पर आवेदन कराकर उनकी जेब काटी जा रही है।

सादी वर्दी में पुलिस को तैनात करने को कहा
एसएसपी को दी शिकायत में चंडीगढ़ के रीजनल पासपोर्ट अधिकारी शिवास कविराज ने बताया कि पासपोर्ट आफिस के बाहर सुबह से लेकर शाम तक एजेंट का जमावड़ा लगा रहता है। जिससे वहां पर आए आवेदकों को एजेंट अपने झांसे में लेकर उनके पासपोर्ट संबंधित कामों में जल्दी कराने के साथ-साथ अन्य कामों के लिए पैसों की मांग करते हैं। अगर सादे वर्दी में वहां पर पुलिस बीच-बीच में राउंड लगाकर वहां पर फर्जी खड़े एजेंट से पूछताछ कर पहचान करने के बाद कार्रवाई करेगी, तो वहां पर एजेंट का लग रहा जमावड़ा धीरे-धीरे खत्म हो जाएगा।

जिला स्तर पर भी खुले हैं पासपोर्ट आवेदन सेंटर
रीजनल पासपोर्ट अधिकारी शिवास कविराज का कहना है कि अब सरकार द्वारा जिला स्तर पर भी पासपोर्ट आवेदन जमा करवाने के लिए सेंटर खोले गए हैं। कई डाकघरों में यह सेंटर खोले हैं। जहां पर लोग अपने पासपोर्ट आवेदन जमा करा सकते हैं। उन्हें चंडीगढ़ पासपोर्ट कार्यालय में भी आने की जरूरत नहीं है।