पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
ऊना. रविवार को दौलतपुर चौक से जयपुर के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन चलना शुरू हो गई है। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इससे पहले ऊना या दौलतपुर से पहले जयपुर (राजस्थान) के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं थी। जिस वजह से ऊना, हमीरपुर और कांगड़ा जिलों के लोगों को जयपुर के अलावा मेहंदीपुर बालाजी, शक्तिपीठ करौली देवी, सालासर बालाजी इत्यादि धार्मिक स्थलों के दर्शनों के लिए अंबाला जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती थी, लेकिन दौलतपुर चौक से इंटरसिटी एक्सप्रेस शुरू होने से हजारों लोगों फायदा होगा।
ट्रेन की सामान्य श्रेणी में यात्री सिर्फ 207 रुपए में जयपुर की यात्रा कर सकेंगे, जबकि यात्रियों को जयपुर के लिए फर्स्ट एसी में 2615 रुपए, सेकंड एसी में 1560 रुपए, थर्ड एससी में 1090 रुपए और स्लीपर 400 रुपए किराया चुकता करना पड़ेगा। इसी तरह ऊना से जयपुर के लिए फर्स्ट एसी का किराया 2515 रुपए, सेकंड एसी का किराया 1505 रुपए, थर्ड एससी का किराया 1050 रुपए, स्लीपर का 390 रुपए किराया लगेगा, जबकि सामान्य श्रेणी में किराया 201 रुपये होगा।
ये रहेगा रूट
इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन का अंब अंदौरा, ऊना में दो-दो मिनट का ठहराव होगा। नंगल डैम में इंटरसिटी का 10 मिनट, आनंदपुर साहिब में दो मिनट, रूपनगर में दो मिनट, मोरिंडा जंक्शन में 22 मिनट, साहिबजादा अजीत सिंह नगर में 8 मिनट और चंडीगढ़ में 20 मिनट का ठहराव होगा।
दौलतपुर से मुकेरियां के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू, लंबी दूरी के ट्रेनें एक्सटेंड करने को मांगी वाशिंग लाइन
इस अवसर अनुराग ठाकुर ने कहा कि नंगल डैम आने वाली ट्रेनें दौलतपुर चौक तक एक्सटेंड हों, इसके लिए वाशिंग लाइन की जरूरत है। जल्द ही केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल से मसला उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दौलतपुर चौक से मुकेरियां तक रेल लाइन बिछाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। दौलतपुर चौक से हिमाचल की सीमा तक भूमि अधिग्रहण हो चुका है। इससे आगे रेल लाइन बिछाने के लिए पंजाब सरकार से बातचीत चल रही है। अनुराग ने कहा कि चंडीगढ़ से मुदरैई के बीच चलने वाली ट्रेन को अंब अंदोरा या दौलतपुर तक बढ़ाया जाए, जिससे हिमाचल का सीधा लिंक दक्षिण भारत से जुड़ सके। उन्होंने कहा कि बहुत से राज्य ऐसे हैं, जहां ट्रेनों के आने की बाइवलिटी नहीं बनती है, इस बारे मैंने केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल से भी बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि एमईएमयू ट्रेन या किसी अन्य ट्रेन को लिंक एक्सप्रेस के रूप में भी चलाया जाए। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रेल मंत्री ने उनके सुझाव पर ऐसी ट्रेनों को कई जगह से शुरुआत की है।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.