पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

डिजीटल विजन कालाअंब को रॉ मैटिरियल सप्लाई करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 11 मार्च तक रिमांड पर भेजा

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नाहन में बनी बच्चों की दवा से कई बच्चों की मौत हुई थी। इसके आरोपी को पकड़ा। डेमो फोटो - Dainik Bhaskar
नाहन में बनी बच्चों की दवा से कई बच्चों की मौत हुई थी। इसके आरोपी को पकड़ा। डेमो फोटो
  • कोल्ड बेस्ट सिरप से अब तक रामनगर में 12 व पटियाला में गई है एक बच्चे की जान
  • इस दवा की करीब 57 सौ बोतल बनाई गई थी। जिसे देश के विभिन्न हिस्सों में भेजा गया

नाहन. कालाअंब के दवा उद्योग डिजीटल विजन से उद्योग में बनने वाली दवा कोल्ड बेस्ट के लिए रॉ मैटिरियल सप्लाई करने के मामले में पुलिस ने गिरफ्तारी की है। गौरतलब है कि अंबाला स्थित ठाकुर इंटरप्राईजेज द्वारा दवा के लिए प्रोपलीन ग्लाइकोल सप्लाई किया गया था। इस कैमिकल में मिलावट पाई गई है। मिलावट को ही बच्चों की मौत का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने आरोपी विभोर चितकारा को अंबाला से गिरफ्तार कर रविवार को जज के सामने पेश किया। जहां से आरोपी को 11 मार्च तक रिमांड पर भेज दिया गया है।

सैंपल भरे थे
यह मामला जम्मू कश्मीर के रामनगर में बच्चों की मौत के बाद सामने आया था। इसके बाद जम्मू कश्मीर के स्टेट ड्रग कंट्रोलर ने हिमाचल और हरियाणा के स्टेट ड्रग कंट्रोलर को मामले में कार्रवाई के लिए लिखा था। 15 फरवरी को स्टेट ड्रग कंट्रोलर और 17 फरवरी को सैट्रल ड्रग कंट्रोलर की टीम ने उद्योग में छापेमारी कर सैंपल भरे थे।

बच्चों की किडनी खराब हाेने के मामले सामने आए थे
प्रारंभिक जांच में दवाई के सेवन से बच्चो की किडनी खराब होने का मामला सामने आया था। इसके बाद ड्रग कंट्रोलर की टीम ने हरियाणा स्थित अंबाला व कालाअंब में स्थित डिजीटल विजन में छापेमारी की थी। मामले में उद्योग को पहले ही सील किया जा चुका है। देशभर में जहां भी उद्योग में बनी दवाई कोल्ड बेस्ट सप्लाई की गई थी। इसकी बिक्र पर रोक लगाकर पूरे स्टॉक को वापिस मंगवा लिया गया था। ताकि कोई अन्य बच्चा दवाई के कारण प्रभावित न हो।

मामला दर्ज किया 
इस मामले में उद्योग के तीनों मालिकों पर कोस्मेटिक एक्ट के अलावा धारा 308 में मामला दर्ज किया गया है। उद्योग के चेयरमैन पुरूषोतम गोयल, प्रबंध निदेशक कोनिक गोयल व मानिक गोयल को आरोपी बनाया गया है। यह तीनों आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। रॉ मैटिरियल सप्लाई करने वाले विभोर की गिरफ्तारी के बाद इन तीनों की गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है।

13 बच्चों की मौत
दवा के सेवन से अभी तक करीब 13 बच्चों की मौत हो चुकी है। उधमपुर जिले के रामनगर में पहले भी 12 बच्चों की मौत का मामला सामने आया था। इसके बाद पटियाला में दो बच्चों को एक डॉक्टर ने यह प्रतिबंधित दवा दी थी। इस दवा के सेवन से दो साल के एक बच्चे की मौत हो गई थी। जबकि दूसरे पांच साल के बच्चे को गंभीर हालत होने पर आईसीयू में भर्ती करवाया गया था। इस दवा के करीब 57 सौ बोतल बनाई गई थी। जिसे देश के विभिन्न हिस्सों में भेजा गया था। विभाग द्वारा दवा को वापिस मंगवाने के लिए संबंधित राज्यों के ड्रग एसोसएिशन को कहा गया था। साथ ही दवा की बिक्र पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया था।

एसपी ने पुष्टि की
एसपी सिरमौर अजय कृष्ण शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि रॉ मैटिरियल सप्लाई करने वाले ठाकुर इंटरप्रायजेज के मालिक विभोर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे 11 मार्च तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले की छानबीन जारी है।