पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करें
ऊना. रविवार को दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन से जयपुर के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन की सुविधा शुरू हो गई है। इससे पर्यटकों का हिमाचल से जयपुर आना-जाना आसान हो जाएगा और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। इस मौके पर स्थानीय विधायक राजेश ठाकुर, विधायक बलवीर सिंह, पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती भी मौजूद रहे।
जनरल क्लास का किराया 207 रूपए
ट्रेन की जनरल क्लास का किराया 207 रुपए रखा गया है। जयपुर के लिए फर्स्ट एसी का 2615 रुपये, सेकंड एसी का 1560 रुपये, थर्ड एससी का 1090 रुपये और स्लीपर का 400 रुपये किराया है।
रेल लाइन बिछाने की प्रकिया शुरू
अनुराग ठाकुर ने कहा- नंगल डैम आने वाली ट्रेनें दौलतपुर चौक तक एक्सटेंड हों, इसके लिए वाशिंग लाइन की जरूरत है। केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल से इस संबंध में चर्चा की जाएगी। दौलतपुर चौक से मुकेरियां तक रेल लाइन बिछाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई है। दौलतपुर चौक से हिमाचल की सीमा तक भूमि अधिग्रहण हो चुका है। इससे आगे रेल लाइन बिछाने के लिए पंजाब सरकार से बातचीत चल रही है।
ट्रेन अब अंब तक जाएगी
चंडीगढ़ से मुदरैई के बीच चलने वाली ट्रेन को अंब अंदोरा या दौलतपुर तक बढ़ाया जाएगा। अनुराग ठाकुर ने बताया कि बहुत से राज्य ऐसे हैं, जहां ट्रेनों के आने की बाइवलिटी नहीं बनती है। इस बारे उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल से बातचीत की थी। उन्होंने कहा कि एमईएमयू ट्रेन या किसी अन्य ट्रेन को लिंक एक्सप्रेस के रूप में भी चलाया जाए। केंद्रीय रेल मंत्री ने उनके सुझाव पर इस तरह की ट्रेनों को कई जगह से शुरू किया है।
जयपुर जाना हुआ आसान
इस ट्रेन का अंब अंदौरा, ऊना में दो-दो मिनट का ठहराव होगा। नंगल डैम में इंटरसिटी 10 मिनट, आनंदपुर साहिब में दो मिनट, रूपनगर में दो मिनट, मोरिंडा जंक्शन में 22 मिनट, साहिबजादा अजीत सिंह नगर में 8 मिनट और चंडीगढ़ में 20 मिनट का स्टॉपेज होगा। ऊना या दौलतपुर से जयपुर जाने के लिए कोई सीधी ट्रेन नहीं थी। इस वजह से ऊना, हमीरपुर और कांगड़ा जिलों के लोगों को जयपुर के अलावा मेहंदीपुर बालाजी, शक्तिपीठ करौली देवी, सालासर बालाजी आदि धार्मिक स्थलों के लिए अंबाला स्टेशन से ट्रेन मिलती थी।
अब दौलतपुर से चार ट्रेनें
इंटरसिटी एक्सप्रेस शुरू होने के बाद दौलतपुर चौक रेलवे स्टेशन से रोजाना चलने वाली ट्रेनों की संख्या चार हो गई है। इनमें दिल्ली-टनकपुर के लिए हिमाचल एक्सप्रेस, अंबाला कैंट के लिए डीईएमयू और दौलतपुर चौक से नंगल डैम, और दौलतपुर चौक से जयपुर के लिए इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल हैं।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.