पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

हिमाचल/ तीन साल बाद मार्च में बर्फबारी का रिकॉर्ड टूटा, शिमला में शनिवार को पारा 0.6 डिग्री दर्ज किया गया

एक वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
प्रदेश में शनिवार को ऊंचाई वाले कई इलाकों में गिरी बर्फ। ठंड बढ़ी - Dainik Bhaskar
प्रदेश में शनिवार को ऊंचाई वाले कई इलाकों में गिरी बर्फ। ठंड बढ़ी
  • 10 से 13 मार्च तक फिर से प्रदेश में बर्फबारी-बारिश की चेतावनी
  • चंडीगढ़ में 6 साल बाद 7 मार्च को सबसे ज्यादा ठंडा दिन रहा

शिमला / चंडीगढ . प्रदेश में मार्च के शुरूआती दिन में रिकॉर्ड तोड़ ठंड दर्ज की गई है। इस बार की ठंड ने पिछले तीन साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। वहीं चंडीगढ़ में 6 साल बाद मार्च के पहले सप्ताह में इतनी ठंड दर्ज की गई है। हिमाचल में हुई बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में हुआ है। इस वजह से चंडीगढ़ के तापमान में गिरावट आ गई है।

शीतलहर की चपेट में शिमला
राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में बीते शुक्रवार रात और शनिवार सुबह के समय बर्फबारी के साथ बारिश हुई है। इस वजह से राज्य शीतलहर की चपेट में आ गया है। तापमान में गिरावट आने से राज्य के पांच स्थानों का न्यूनतम पारा माइनस में पहुंच गया है। मौसम विभाग ने बताया- ''8 और 9 मार्च को मौसम साफ बना रहेगा। 10 से 13 मार्च के दौरान फिर से प्रदेश में बारिश-बर्फबारी होगी। इस कारण प्रदेश में जोरदार ठंड हो सकती है।''

कुल्लू और ऊंचाई वाले इलाकों में बढ़ी ठंड
मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि बर्फबारी के बाद शिमला का तापमान शनिवार को लुढ़क कर 0.6 डिग्री तक पहुंच गया है। अगर साल 2017 में 12 मार्च की बात करें तो शिमला का तापमान 0.9 डिग्री रिकार्ड किया गया था। कुफरी में भी साल 2019 के दौरान तापमान 2.6 था, जबकि इस बार यह तापमान लुढ़क कर -2.9 डिग्री तक पहुंच गया है।

चंडीगढ़
मौसम विभाग के मुताबिक,  2015 में 11 से 15 मार्च के बीच लगातार बारिश हुई थी। इस दौरान 13 मार्च 2014 को सबसे ज्यादा 33.7 एमएम बारिश हुई थी। इसके बाद इस साल सेक्टर-39 स्थित ऑब्जर्वेटरी में 29 एमएम बारिश दर्ज की गई। जबकि एयरपोर्ट स्थित ऑब्जर्वेटरी में 32.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं तापमान की बात करें तो 2 मार्च 2014 के बाद इस साल 7 मार्च को सबसे ठंडा दिन रिकार्ड किया गया।

शनिवार का दिन ठंडा रहा
2 मार्च 2014 को दिन का अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री दर्ज किया गया था। उसके बाद इस साल 7 मार्च को 15.8 डिग्री के तापमान दर्ज किया गया। यानी 6 साल के बाद शनिवार का दिन सबसे ठंडा दर्ज किया गया। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 11 डिग्री कम रहा। वहीं शुक्रवार रात का न्यूनतम तापमान 11.8 डिग्री दर्ज किया गया।

अब 11 और 12 को फिर बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार 10 मार्च को होली की शाम से एक और वेस्टर्न डिस्टरबेंस अर्लट हो रहा है। इसके चलते 11 और 12 मार्च को एक बार फिर मौसम बिगड़ने की संभावना है। तेज हवाओं के बीच हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।