ओलावृष्टि और तूफान से किसानों को हुए नुकसान का हो आकलन: राकेश
सरकार से पर्याप्त मात्रा में कृषि और बागवानी की दवाएं भेजने की मांग
क्षेत्र में पिछले चार दिनों से तूफान, ओलों और बर्फबारी से बेमौसमी किसानों और स्टोन फूट उगाने वाले बागवानों को हुए भारी नुकसान का आकलन करने की मांग ठियोग के पूर्व विधायक राकेश वर्मा ने सरकार से की है। वर्मा ने कहा है कि क्षेत्र की कई पंचायतों में ओलों से किसानों की मटर व फूल गोभी की फसलों को भारी नुकसान हुआ है। रतेश, मधान, बलग सहित कई पंचायतों में किसानों की लाखों के बीजों की उगाई जा नर्सरी भी ओलों व ठंड की भेंट चढ़ गई है। राकेश वर्मा के अनुसार ठियोग में बागवानी और कृषि विभाग कार्यालयों में किसानों बागवानों को जरूरी दवाएं व कीटनाशक आदि भी नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा है कि ठियोग क्षेत्र में बेमौसमी ठंड व बर्फबारी व ओलों के कारण किसानों बागवानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है और उनकी सालाना फसलों पर प्रश्नचिन्ह लग गया है। ऐसे में प्रदेश सरकार को किसानों बागवानों की मदद के लिए उचित कदम उठाने चाहिएं।
वर्मा ने ठियोग क्षेत्र में कच्ची सपंर्क सड़कों की हालत सुधारने का आग्रह भी प्रदेश सरकार से किया है। राकेश वर्मा के अनुसार क्षेत्र की कई विभागीय सड़कों की हालत भी खस्ता है जिनमें मधान क्षेत्र की प्रमुख सड़क नरेल धर्मपुर, मतियाना बड़ागांव आदि प्रमुख हैं। मतियाना माहौरी, संधू बासा माहोग आदि सड़कों की हालत भी खराब है।