बजट सत्र ः चर्चा के पहले दिन पक्ष व विपक्ष में नाेक-झोंक
वित्त वर्ष 2020-21 के बजट पर चर्चा के पहले ही दिन सदन में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के बीच तीखी नोकझोंक हुई। मुकेश अग्निहोत्री ने सरकार काे बार-बार लिए जा रहे कर्जे अाैर महंगी दवाई खरीद मामले से लेकर हर माेर्चे पर घेरा। अग्निहोत्री ने कहा कि अगर मैं गलत हूं तो मैं इस्तीफा दूंगा, नहीं तो सीएम पद से इस्तीफा देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार ने इस दस्तावेज में कर्जा का जिक्र ही नहीं किया। प्रदेश में वित्तीय अराजकता का माहौल पैदा हो चुका है, लेकिन सरकार इससे दूर भाग रही है। सरकार ने दो साल में करोडों का कर्ज लिया बावजूद इसके बजट दस्तावेज में इसका जिक्र तक नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब तक भाजपा सरकार ने 1092 करोड से अधिक कर्ज लिया है। आने वाले समय में भी सरकार कर्जे पर चलेगी। उन्होंने यस बैंक में डूब रहे करोड़ों रुपए का जिक्र करते हुए सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोडी। इस बात पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हस्तक्षेप करते हुए कहा कि यस बैंक को लाइसेंस पूर्व की यूपीए सरकार के समय दिया गया। इन्वेस्टर्स मीट पर करोडों का खर्च करने पर मुकेश अग्निहोत्री ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सेंट्रल रोड फंड का बंदर बांट हो रहा है। इसी बात पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि ये आंकडे कहां से आए। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि 15 करोड के बद्दी में सेंटर को एक लाले को पौने दो लाख रुपए प्रति वर्ष के हिसाब से लीज पर दे दिया। सेंटर रोड फंड का अधिक राशि मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र में बांटने का आरोप मुकेश अग्निहोत्री ने लगाया तो सीएम ने कहा कि यह गलत आंकडे हैं और फिगर और फैक्ट नहीं हैं। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यदि मैं गलत हूं तो मैं इस्तीफा दूंगा, नहीं तो मुख्यमंत्री इस्तीफा दें। अग्निहोत्री ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार ने राशन से अधिक दवाई पर 125 करोड रुपए खर्च दिए। उन्होंने ब्रिक्स समेत फोरन फंडिंग मामले पर भी सरकार को घेरने में कोई कसर नहीं छोडी। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि जयराम ठाकुर सबसे अधिक ऋण लेने वाले मुख्यमंत्री बनेंगे। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि आज देश के उद्योगपतियों को सरकार के अफसर फोन कर रहे हैं कि कब से इन्वेस्टमेंट करना है।
बजट में बेरोजगारों के लिए कुछ नहींः मोहन लाल
रोहडू से कांग्रेस विधायक मोहन लाल ब्राक्टा ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने बेरोजगारों के लिए इस बजट में कुछ भी नहीं दिया। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी खास बजट नहीं दिया। स्कूलों में खली पदों को भरने के लिए कोई प्रावधान नहीं रखा है। ठियोग-हाटकोटी सडक का काम पूरा नहीं किया।
बजट में भी लोकसभा चुनावः लखविंद्र सिंह
कांग्रेस विधायक लखविंद्र सिंह राणा ने चर्चा में भग लेते हुए कहा कि जितने भी मुख्यमंत्री प्रदेश के रहे हैं उन सबका प्रदेश के लिए योगदान रहा। उन्होंने कहा कि बजट में भी सरकार ने लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव का जिक्र किया। उन्होंने हैरानी जताते हुए कहा कि बजट में इस तरह का जिक्र नहीं किया जाना चाहिए; प्रदेश सरकार ने जनमंच को प्राथमिकता दी लेकिन जनता को निराशा हाथ लग रहे हैं; रेल विस्तार के नाम पर प्रदेश सरकार ने प्रदेश की जनता को गुमराह किया है।
गरीबी दूर करने का किया प्रावधानः बलबीर सिंह
भाजपा विधायक बलबीर सिंह चाैधरी ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने गरीबी दूर करने के लिए बजट में पूरा प्रावधान रखा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष के लोग मात्र सनसनी फैलाने के लिए झूठे आंकडे सदन में ला रहे हैं। शिक्षा के क्षेत्र में हजारों पद भरने की घोषणा बजट में की है। चाैधरी ने कहा कि इस बार के बजट में हर वर्ग का ख्याल रखा गया है।
इस बार के बजट में कोई विजन नहींः राजेंद्र राणा
कांग्रेस विधायक राजेंद्र सिंह राणा ने बजट पर चर्चा करते हुए कहा कि इस बार के बजट में विजन नहीं हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने 2017 के चुनाव में कई घोषणाएं की थी, जिसे अभी तक पूरी नहीं की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने एयरपोर्ट के लिए ही एक हजार करोड़ से अधिक का बजट रखा है। राजेंद्र राणा ने कहा कि प्रदेश की विकास दर में गिरावट आई है। केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण आज देश की आर्थिक स्थिति खराब हो चुकी है।
टैक्स फ्री बजट किया है पेशः बलवीर वर्मा
भाजपा विधायक बलबीर वर्मा ने कहा कि इंजन का असर है कि 90 अनुपात 10 का स्टेटस हिमाचल को दिया गया। दो सालों में पांच गुणा ज्यादा पैसा मिला है। उन्हाेंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना का परिणाम है कि प्रदेश की दूर दराज क्षेत्र की पंचायतें सडकों से जुड़ी हैं। टैक्स फ्री बजट देकर सभी को राहत प्रदान की है। हिम केयर और दूसरी योजनाओं से प्रदेश को लाभ मिला है। बलबीर वर्मा ने कहा कि हिमाचल के हर वर्ग को लाभ पहुंचाने के लिए इस बार के बजट में पूरा प्रावधान किया गया है। सरकार ने किसान-बागवानों समेत बेरोजगारों के हितों के लिए बजट पेश किया है।
डूबने नहीं दिया जाएगा पैसा: जयराम ठाकुर
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी माना कि यस बैंक में हिमाचल के सरकारी व निजी सैक्टर का काफी पैसा जमा है। लेकिन पैसा जमा करवाने का सिलसिला वर्तमान भाजपा सरकार के कार्यकाल में नहीं, बल्कि कांग्रेस सरकार के वक्त शुरू हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2004 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने यस बैंक को लाइसेंस दिया था और इसमें डिपोजिट फंड भी कांग्रेस कार्यकाल में शुरू हुआ था। उन्होंने कहा कि इस बैंक के डूबने की स्थिति पैदा होनी दुर्भाग्यपूर्ण हंै। केंद्र सरकार ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि बैंक में जमा पैसा डूबने नहीं दिया जाएगा।