कोरोना : कर्नाटक में अफवाह फैलाने पर दो गिरफ्तार
चामराजनगर| कर्नाटक के चामराजनगर में पुलिस ने कोरोना वायरस को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अफवाह फैलाने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार लोगों की पहचान चामराजनगर के लोकेश और मैसुरु जिले के नांजनगुड निवासी नागेंद्र के रूप में की गयी है। उन्होंने नांजनगुड की एक लड़की के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की झूठी अफवाह फैलायी थी। इस पोस्ट में एक निजी चैनल से ली गयी धुंधली तस्वीर का इस्तेमाल कर लड़की को कोरोना वायरस से संक्रमित बताया गया था। इस पोस्ट के वायरल होते ही पीड़ित लड़की ने नांजनगुड थाने में जाकर स्पष्ट किया कि वह पूरी तरह स्वस्थ है और सोशल मीडिया पर वायरल की गयी पोस्ट झूठी है। पुलिस ने जब दोनों युवकों से पूछताछ की तो उन्होंने बताया कि वे कुछ निजी कारणों से लड़की के बारे में झूठी अफवाहें फैला रहे थे। दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।