कोरोना वायरस से डरें नहीं, सावधानी बरतें:अनुजा
कोरोना वायरस से लाेगाें काे भयभीत हाेने की नहीं बल्कि सावधानी बरतने की जरूरत है अाैर चिकित्सकों द्वारा दिए गए सलाह मानने की जरूरत है। यह बात नायब तहसीलदार जुन्गा अनुजा शर्मा ने उप तहसील मुख्यालय पर तैनात विभिन्न विभागों के अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ कोरोना वायरस के बारे जागरूक करने के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए कही। उन्होंने बताया कि जुन्गा उप तहसील में लोगों को कोरोना वायरस के बारे जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है और लोगांे को पोस्टर, सामूहिक वार्तालाप और पेंपलेट के माध्यम से कोरोना वायरस की जानकारी दी जा रही है।
उन्होंने बताया कि नवीन कोरोना वायरस सर्वप्रथम चीन के वुहान शहर में निमोनिया के रोगियों में अचानक वृद्वि के रूप में सूचित हुआ है। इस रोग में खांसी, बुखार, सांस लेने में तकलीफ आदि फ्लू जैसे लक्षण मिलते है। लोगों को खांसते व छींकते समय रूमाल अथवा कोई कपड़ा मुंह पर अवश्य रखना चाहिए और दूसरों से बातचीत करते समय उचित दूरी बनाए रखने के साथ-साथ कम से कम लोगों से हाथ मिलाएं। इसके अलावा भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर जाने से परहेज करे और मांस और अंडे को अच्छी तरह पकाकर खाएं।
उन्होने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना वायरस से निपटने के लिए अस्पतालों में विशेष व्यवस्था की गई है और खांसी जुखाम व बुखार होने की स्थिति में लोगों को तुरंत अस्पताल में चैकअप करवाएं। नायब तहसीलदार ने सभी शिक्षण संस्थानों से आग्रंह किया कि वह कोशिश करें कि स्कूल परिसर में किसी प्रकार की भीड़ न जुटाएं और स्कूल समय के दौरान एक जगह ज्यादा बच्चों को एकत्रित न होने दें। अनुजा शर्मा ने बताया कि इस वायरस के बारे में अधिक जानकारी के लिए नेशनल कॉल सेंटर नंबर 91-11-23978046 व विभाग के निशुल्क हेल्पलाइन नंबर 104 पर भी संपर्क कर सकते है।
जुन्गा में लोग कोरोना वायरस का पोस्टर पढ़ते हुए।