होली पर हुड़दंगः 18 को पुलिस लेकर गई हवालात
होली पर शहर में हुड़दंग मचाने वाले कई युवकों को पुलिस ने पकड़कर हवालात पहुंचाया। इनमें कई लोग शराब के नशे में थे जिनका मेडिकल भी करवाया गया।
शिमला में होली पर हुड़दंग करने वालों के खिलाफ पुलिस ने अबकी बार सख्ती बरती। पुलिस मालरोड, रिज मैदान समेत शहर के विभिन्न स्थानों पर हुड़दंग करने वाले 18 युवकों को पकड़ा। इनमें से कई युवक शराब के नशे में भी धुत थे। पुलिस ने उनके मैडिकल भी करवाए। बताया जा रहा है कि कई युवक हुड़दंग मचाने के साथ अन्य लोगों से भी उलझ रहे थे। ऐसे में पुलिस ने इनको पकड़कर हवालात पहुंचाया। पकड़े गए युवकों के खिलाफ एचपी पुलिस एक्ट की धारा 114 के तहत कार्रवाई की जा रही है। अबकी बार पुलिस ने पहले ही एडवाइजरी लोगों के लिए जारी की थी। इसमें पुलिस ने सभी लोगों से होली शांतिपूर्वक करवाने के निर्देश दिए थे। पुलिस ने यह साफ किया था कि अनजान लोगों, महिलाओं व लड़कियों पर जबरदस्ती रंग डालने वालों पर कार्रवाई होगी। यही वजह है कि पुलिस पहले से ही अलर्ट पर थी। यही वजह है कि पुलिस ने हुड़दंग करने वालों और शराब पीकर होली खेलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। एसपी ओमापति जमवाल ने कहा है कि पुलिस ने शहर में होली के दौरान हुड़दंग करने वालों पर कार्रवाई की है। कई युवकों को पुलिस ने पकड़ा है और नियमानुसार कार्रवाई की है।