स्कूलाें में कुपाेषण के बारे में बच्चों को करें जागरूक
पोषण अभियान के तहत जिला अभिसरण समिति की बैठक डीसी शिमला अमित कश्यप की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कुपोषण हटाए जाने, परामर्श व जागरुकता प्रदान कर स्कूल न जाने वाले बच्चों तथा एनिमिया दूर करने के लिए सक्रिय व गंभीर प्रयास करने के बैठक में निर्देश दिए। उन्होंने गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों पर पेयजल व शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तार से चर्चा की। स्वास्थ्य विभाग को सभी निजी, सरकारी एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में पढ़ रहे बच्चों के आई कार्ड पर बल्ड ग्रुप दर्ज करवाने के आवश्यक निर्देश दिए ताकि आपातकाल स्थिति में बच्चों को खून की जरूरत पड़ने पर जल्द उपलब्ध करवाया जा सके।
इसके साथ ही भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास द्वारा संचालित पोषण अभियान के तहत विभिन्न विभागों के समन्वय से कुपोषण के स्तर में कमी लाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जिला के विभिन्न क्षेत्रों में जन्म के समय शिशु वजन में कमी को दूर करने के लिए सम्बन्धित विभागों को जागरूकता शिविर आयोजित करने के आदेश दिए ताकि स्थिति को और बेहतर किया जा सके। वहीं स्कूल न जाने वाली किशोर लड़कियों के माता पिता से परामर्श करने को कहा ताकि हर बच्चा स्कूल पंहुच सके। जिला कार्यक्रम अधिकारी ईरा तनवर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला शिमला में 8 मार्च, से 22 मार्च से 2020 तक पोषण पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। पखवाड़े को आयोजित करने का उदेश्य हर घर तक सही पोषण जिसमें पौष्टिक आहार, साफ पानी और खाने पीने की सही प्रथाओं का संदेश पंहुचाना है ताकि जिला का हर घर अपने परिवार को सही पोषण देने के लिए जागरूक हो सके।
कुपाेषण के बारे में अधिकारियाें के साथ बैठक करते उपायुक्त शिमला अमित कश्यप।