- Hindi News
- National
- Shimla News Only Asked For Aadhaar Number 22 Thousand Were Blown Out Of Account
मांगा सिर्फ आधार नंबर, खाते से उड़ा दिए 22 हजार
शिमला में एक व्यक्ति के साथ ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति को अपना आधार नंबर बताया। इसके बाद बाद उनके बैंक खाते से करीब 22 हजार रुपए उड़ाए गए। पीड़ित रामस्वरूप रिटार्यड कर्मचारी हैं और वे शिमला के साथ लगते बस्ती गुणा के हैं। पीड़ित ने इस बारे में पुलिस थाना बालूगंज में शिकायत दी है। रामस्वरूप को एक व्यक्ति ने फोन कर अपना परिचय बैंक कर्मी के तौर पर दिया था। फोन करने वाले ने रामस्वरूप से आधार नंबर यह कहकर लिया कि उनका बैंक एटीएम बंद हो गया है और इसको चालू करने के लिए आधार नंबर जरूरी है। आधार नंबर शेयर करते ही इनके बैंक खाते से पैसे गायब होने लगे। पुलिस को दी शिकायत में रामस्वरूप ने कहा है कि उनको गुरूवार सुबह के समय एक मोबाइल नंबर 62914-31752 से फोन आया। फोन करने वाले ने कहा कि वह एक बैंक से बोल रहा है और आपका एटीएम बंद हो गया है क्या आप उसको चालू रखना चाहते हैं। अगर बैंक खाते को चालू रखना चाहते हैं तो अपना आधार नंबर बताएं और इसके बाद जो मैसेज मोबाइल पर आएगा उसको भी बताना होगा। इसके बाद आपका एटीएम फिर से चालू हो जाएगा और आप दोबारा से इसको इस्तेमाल कर सकेंगे। बुजुर्ग भी यह सोचकर फोन करने वाले की बातों में आ गया कि वह बैंक कर्मचारी है। रामस्वरूप ने पुलिस को बताया आधार नंबर बताने के बाद उनके मोबाइल नंबर एक मैसेज आया और इसको पूछने के लिए दोबारा से उस तथाकथित बैंक कर्मी ने फोन किया। रामस्वरूप ने भी मोबाइल फोन पर आए मैसेज के नंबर को उसको बता दिया। इसके बाद और भी मैसेज उनके मोबाइल पर आए जो कि उन्होंने फोन करने वाले से शेयर कर दिए। इसके बाद उनके बैंक खाते से 21,993 रुपए उड़ गए। बुजुर्ग ने दोबारा से फोन करने वाले से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन इसके बाद उसका फोन बंद हो गया। इस पर उनको लगा कि वे ठगी का शिकार हो चुके हैं।