- Hindi News
- National
- Thiyog News Re Investigation Of Doll Rape And Murder Case Based On Forensic Report Youth
फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर गुड़िया दुष्कर्म और हत्या मामले की हो दोबारा जांच: युवा
जुलाई 2017 में ठियोग उपमंडल के बलसन क्षेत्र में हुए गुड़िया दुष्कर्म व हत्या के मामले में गुड़िया को न्याय दिलाने के आंदोलन से जुड़े विभिन्न युवा नेताओं ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि इस मामले में गुड़िया को न्याय दिलाने के लिए फोरेसिंग रिपोर्ट के आधार पर दोबारा से जांच की जाए ताकि गुड़िया के साथ हुए नृशंस अपराध के अपराधियों को उचित सजा मिल सके।
जिप परिषद के पूर्व सदस्य सोहन ठाकुर, किसान सभा सदस्य संदीप सोनू, बालकिशन बाली, महेन्द्र वर्मा, राकेश गोलू, बलबीर वर्मा आदि गुड़िया न्याय मंच से जुड़े युवाओं ने बुधवार को ठियोग विश्राम गृह में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि ठियोग व कोटखाई क्षेत्र लोगों के आंदोलन के दबाव में ही गुड़िया का मामला सीबीआई को पिछली सरकार के समय सौंपा गया था। लेकिन इस मामले में अब तक की जांच व कारवाई से न तो गुड़िया के परिजन संतुष्ट हैं ओर न ही क्षेत्र के लोगों को तसल्ली हुई है। इन युवा नेताओं ने कहा है कि जांच एजेंसियों ने गुड़िया मामले में एक चरानी को गिरफ्तार किया है जबकि फोरेसिंग रिपोर्ट के अनुसार इस मामले में एक से अधिक अपराधी शामिल हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार का फर्ज बनता है कि इस मामले में सभी अपराधियों को सजा दिलाने के लिए इसकी जांच दोबारा से सही तरीके से की जाए। इन लोगों ने गुड़िया मामले में कोटखाई पुलिस थाने में मारे गए नेपाली सूरज की प|ी ममता के बयानों पर भी जांच करने और एक उच्च पुलिस अधिकारी के बयान को भी संज्ञान में लेकर उसे जांच में शामिल करने की मांग की है।
बनाएंगे संयुक्त मोर्चा: मंच से जुड़े लोगों ने बताया कि यदि जल्द गुड़िया मामले में जांच व उसे अंजाम में पहुंचाने की कारवाई शुरू नहीं होती तो सभी राजनैतिक दलों, स्थानीय जनता व स्वयंसेवी संगठनों का एक मंच बनाकर आंदोलन शुरू किया जाएगा। लोग चाहते हैं कि गुड़िया को न्याय मिले और इसके लिए पूरे प्रयास किए जाएंगे। सरकार से भी उम्मीद है कि वह इस मामले में पूरी गंभीरता बरतकर गुड़िया के परिजनों की भावनाओं के अनुरूप कार्य करेगी।
अपराधियों को अंजाम तक पहुंचाए सरकार: पूर्व जिला परिषद सदस्य सोहन ठाकुर ने सरकार से अपील की है कि वह गुड़िया मामले को अंजाम तक पहुंचाकर सभी अपराधियों को सजा दिलाए तभी परिजनों व क्षेत्र के लोगों को तसल्ली होगी। अन्यथा अपराधियों के हौसले और बढ़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार अपराधियों को बचाने में लगी रही और वर्तमान सरकार भी गंभीर नहीं है।
गुड़िया मामले की दोबारा जांच की मांग करते न्याय मंच से जुड़े युवा।