- Hindi News
- National
- Thiyog News The Problem Of Parking Increased In Theog As Soon As The School College Opened There Were Problems Due To Vehicles On Both Sides
स्कूल-काॅलेज खुलते ही ठियोग में पार्किंग की समस्या बढ़ी, दोनों तरफ गाड़ियांे के होने से आ रही दिक्कतें
ठियोग नगर में स्कूल कालेज खुलने के बाद वाहनों को पार्क करने की समस्या फिर से विकराल हो गई है। नगर से गुजरने वाले एनएच पांच पर दोनों ओर वाहनों को खड़ा करने के कारण रहीघाट से लेकर जनोगघाट तक यातायात अक्सर जाम हो रहा है।
पुलिस की सक्रियता और रोजाना वाहनों के चालान करने से भी समस्या का हल नहीं हो रहा है। शुक्रवार को भी बस स्टैंड से लेकर लोकनिर्माण विभाग के विश्राम गृह तक सड़क के दोनों और पार्क वाहनों के कारण यातायात की समस्या आती रही। इस कारण पैदल चलने वाले लोगों को भी सड़क के बीच ही चलना पड़ रहा है। क्योंकि सड़क के दोनों ओर पैदल चलने वाला स्थान वाहनों ने घेर रखा है। लोगों के अनुसार अभी सेब व सब्जियों का सीजन काफी दूर है अभी से नगर में यातायात की समस्या हो गई है तो आने वाले दिनों में स्थिति और खराब होगी। धर सड़क के दोनों ओर वाहनों के खड़ा होने के कारण नगर में हजारों स्कूली बच्चों को चलने की जगह नहीं मिलती वे वाहनों के बीच खतरा उठाकर चलते हैं जो कभी हादसे का कारण बन सकता है। स्कूलों के आसपास भी कोई पार्किंग न होने के कारण सुबह नौ से दस बजे और शाम को तीन से पांच बजे के बीच नगर में वाहनों की खूब भरमार रहती है जिस कारण सड़कों पर जाम रोज की समस्या है। एेसे में यहां पर आए दिन हादसों के होने का खतरा भी बना हुआ है।
लोगों का कहना है कि वाहनों से आ रही दिक्कतों को कम किया जाए, ताकि स्कूल जाने वाले बच्चों के साथ कोई बड़ा हादसा न हो।
नप की पार्किग चालू नहीं: ठियोग नगर में वार्ड नंबर सात व चार में दो पार्किंग अधूरी बनी हैं जिनका कार्य पूरा कर उन्हें चालू करने की जरूरत है लेकिन नप भी इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही है। इसके अलावा पिछली सरकार ने पुराने बस स्टेंट पर शापिंग कांप्लैक्स कम पार्किंग के निर्माण का शिलान्यास किया था लेकिन इसका निर्माण भी ठंडे बस्ते में डाल दिया गया है। हालत यह है कि पार्किग न होने का असर नगर के कारोबार पर भी पड़ रहा है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजय ठाकुर का कहना है कि पार्किंग न होने का असर कारोबार पर भी बुरा पड़ रहा है।
लोगों के पास नहीं विकल्प: ठियोग नगर में पिछले कई सालों से पार्किंग जैसी मूलभूत समस्या की ओर कोई ध्यान प्रशासन व नप नहीं दे रहे हैं। नगर के नेहरू मैदान को पार्किंग के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है लेकिन लगातार बढ़ते वाहनों के कारण यह मैदान भी अब छोटा पड़ने लगा है। गावों से नगर में जरूरी कामों व खरीददारी के लिए आने वाले ग्रामीणों के लिए कोई पार्किंग की व्यवस्था नहीं है। लोग सड़क किनारे ही अपने वाहन पार्क कर देते हैं और सामान खरीदने व दफ्तरो में जरूरी काम निपटाने के लिए चले जाते हैं। पुलिस रोजाना ही सड़क किनारे प्रतिबंधित क्षेत्र में खड़ी कारों के चालान करती है।
ठियोग नगर में विश्राम गृह के सामने दोनों ओर वाहनों के खड़ा होने से यातायात की समस्या व पैदल चलने वालों की परेशानी।