- कर्नाटक के कपिला में 24 साल का एक युवक बाढ़ में बह गया
- गुजरात के तटीय इलाकों में भारी बारिश के चलते कई गांवों का संपर्क टूट गया
नई दिल्ली. देश की राजधानी में शुक्रवार को भारी बारिश हुई। इसके चलते कई इलाकों में पानी भर गया। दिनभर शहर में बादल छाए रहे, दोपहर में भी शाम जैसा नजारा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज होने की उम्मीद है। इसके 34 डिग्री के आसपास रहने के आसार हैं, जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 37.8 दर्ज किया गया था। उधर, गुजरात के कई हिस्सों में 24 घंटों के दौरान भारी बारिश हुई। इससे जुड़ी घटनाओं में अब तक राज्य में 22 लोगों की मौत होने की खबर है।
दिल्ली में कई इलाकों में पानी भरने से यातायात पर असर पड़ा। मिंटो ब्रिज के नीचे जलभराव के चलते बस फंस गई। उधर, तिलक नगर ब्रिज के नीचे भी पानी भर गया। नोएडा और एनसीआर में भी शुक्रवार को भारी बारिश हुई।
गुजरात में तटीय इलाकों के गांवों का संपर्क टूटा : गुजरात के सौराष्ट्र, दक्षिण गुजरात और मध्य गुजरात में भारी बारिश से हजारों लोग बेघर हो गए हैं। कई स्थानों पर बाढ़ की वजह से 22 लोगों की मौत की सूचना है। तटीय गुजरात के 100 से ज्यादा गांवों का संपर्क टूट गया है। वलसाड़ और विलीमोरा को जोड़ने वाला कोस्टल हाईवे बाढ़ में डूब गया है।
हफ्तेभर बाद पंजाब-हरियाणा में बारिश : करीब एक हफ्ते का सूखा झेलने के बाद शुक्रवार को पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश हुई। चंडीगढ़ में भारी बारिश के चलते पारा कुछ डिग्री नीचे आ गया। हरियाणा में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, हिसार, सिरसा और नरनौल में बारिश हुई। पंजाब में मोहाली, रोपड़, लुधियाना, गुरदासपुर में भारी बारिश हुई। पंजाब में 28 जून को ही मानसून की आमद दर्ज की गई थी, लेकिन इसके बाद इसका असर कम हो गया। मौसम विभाग के मुताबिक, अब हालात में सुधार हुआ है। आने वाले दिनों में और ज्यादा बारिश की उम्मीद है।
कर्नाटक में बाढ़ से हालात बदतर : कर्नाटक के कोडागु, चिकमंगलुरु, उडुपी, करवार, हासन जिलों में लगातार 5 दिनों से बारिश हो रही है। कपिला में 24 साल का एक युवक अचानक आई बाढ़ में बह गया। कोडागु में शिक्षण संस्थाओं और आंगनबाड़ियों में 14 जुलाई को छुट्टी घोषित कर दी गई है। कई इलाकों में बाढ़ से हालात बदतर हो गए हैं।
हिमाचल में अगले 2 दिन भारी बारिश के आसार : प्रदेश में शुक्रवार को कई हिस्सों में भारी बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश पालमपुर में हुई। यहां 75 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग का कहना है कि रविवार तक प्रदेश में भारी बारिश के आसार हैं। किन्नौर, शिमला, कुल्लू, मंडी, बिलासपुर, सिरमौर जिलों में सतलुज, ब्यास और यमुना नदी में पानी बढ़ा हुआ है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.