- टोक्यो स्थित मार्केटिंग फर्म पिआला आईएनसी ने कर्मचारियों को धूम्रपान छोड़ने के लिए यह पेशकश की
- कर्मचारी सिगरेट पीने के लिए 15 मिनट का रोज ब्रेक लेते थे, इससे काम प्रभावित होता था
- धूम्रपान नहीं करने वाले कर्मचारियों की शिकायत पर कंपनी के सीईओ ने फैसला लिया
Dainik Bhaskar
Dec 02, 2019, 04:15 PM ISTटोक्यो. जापान में एक कंपनी धूम्रपान छोड़ने के लिए अपने कर्मचारियों को 6 दिन की अतिरिक्त सवैतनिक छुट्टी का ऑफर दे रही है। यह ऑफर ऐसे समय कंपनी की पॉलिसी में शामिल किया गया है, जब सिगरेट ब्रेक से कर्मचारियों की कार्य क्षमता पर असर पड़ने पर सवाल किए जा रहे थे।
दरअसल, टोक्यो स्थित मार्केटिंग फर्म पिआला आईएनसी का ऑफिस बहुमंजिला इमारत के 29वें माले पर है। जिस भी कर्मचारी को सिगरेट पीनी होती है, उसे नीचे बेसमेंट में जाना होता है। इसमें कर्मचारी को 'सिगरेट ब्रेक' में करीब 15 मिनट का वक्त लगता है। इससे वे कर्मचारी ज्यादा नाराज थे, जो सिगरेट नहीं पीते थे, क्योंकि उन्हें किसी तरह का कोई अतिरिक्त रिफ्रेशमेंट टाइम नहीं मिलता था।
शिकायत के बाद कार्रवाई
आईएनसी पिआला के प्रवक्ता हिरोताका मत्सुशिमा ने बताया कि एक साल पहले शिकायत पेटी में सीईओ को एक संदेश मिला था। इसमें सिगरेट ब्रेक को लेकर होने वाली समस्या की जानकारी थी। साथ ही वक्त बर्बाद होने की बात भी कही गई थी। सीईओ भी इस विचार से सहमत हुए। उन्होंने सिगरेट ब्रेक नहीं लेने वाले कर्मचारियों के लिए 6 दिन के वैतानिक अवकाश की घोषणा कर दी। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ताकाओ असुका ने कहा कि मैं उम्मीद करता हूं, हमारे कर्मचारी 6 दिन की छुटि्टयों के लिए जल्द ही सिगरेट पीना छोड़ेंगे। नहीं तो उन पर अर्थदण्ड समेत दूसरी जरूरी कार्रवाई की जाएगी।
टोक्यो प्रशासन ने भी कठोर नियम बनाया
जापान में कंपनियां बढ़ते धूम्रपान पर अंकुश लगाने के लिए कई कदम उठा रही हैं। टोक्यो प्रशासन ने भी टोक्यो ओलिंपिक 2020 को ध्यान में रखते हुए पिछले साल धूम्रपान रोकने के लिए सख्त नियम बनाया है। हालांकि, यहां के डांस और बार में बैठकर सिगरेट पीने की इजाजत है।
