पुणे. दौंड इलाके के केडगांव की एक शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। इसमें बारात दूल्हा लेकर नहीं, बल्कि दुल्हन लेकर पहुंची। दुल्हन ने यह सफर बुलेट पर पूरा किया। लाल जोड़े में काला चश्मा लगाकर दुल्हन बारातियों के आगे-आगे चली। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने उसका स्वागत किया।
परिवार वालों ने बताया कि ऐसा करने के पीछे समाज को यह संदेश देना था कि लड़कियां किसी भी मायने में लड़कों से कम नहीं है। दुल्हन ने कहा- बारात लेकर जाना सिर्फ लड़कों का कॉपीराइट नहीं है।
दुल्हन के पिता किसान हैं: केडगांव में यह शादी बुधवार को हुई। दुल्हन कोमल देशमुख के पिता किसान हैं। उन्होंने बताया कि बेटी ने बारात लेकर जाने की इच्छा जताई और कहा कि वह बुलेट से मंडप तक जाएगी। हमने भी मना नहीं किया। ससुराल वालों ने भी कोई आपत्ति नहीं जताई।
पांच किमी बुलेट चलाई
शादी के लिए दूल्हे के घर जाने के दौरान कोमल ने पांच किमी का सफर किया। उसके पीछे उसके परिवार वाले कारों में थे। गांव के लोगों की इस बात का पता चला तो वे देखने पहुंच गए। कई लोगों ने कोमल के फैसले की तारीफ की। कोमल का जोरदार स्वागत भी किया।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.