दुनिया को तरक्की से चकाचौंध कर देने वाला अमेरिका दशकों से नस्लीय भेदभाव में फंसे रहने के बाद अब मजहबी नफरत के दौर से गुजर रहा है। अमेरिका में मुस्लिम समुदाय के खिलाफ नफरत बढ़ती जा रही है। पिछले दिनों न्यू मैक्सिको की साढ़े 5 लाख की आबादी वाले अल्बूकर्क में हुई चार मुस्लिम युवकों की हत्या के बाद लोग दहशत में हैं। इनमें से तीन युवकों की हत्या दो हफ्तों में हुई है। यहां के मुस्लिम परिवार समेत अपने अपार्टमेंट में बंद हैं और घरों की बालकनी तक में नहीं आ रहे।
नियमित तौर पर मस्जिद जाने वाले उन लोगों ने नौकरियां छोड़ दी हैं, जो रात की शिफ्ट में काम करते थे। तमाम लोग परिवार के साथ देश के दूसरे हिस्सों में अपने जानने वालों के पास चल गए हैं। इस्लामिक सेंटर ने अपने 2500 सदस्यों को सलाह दी है कि वे जितना हो सके घरों में ही रहें। बाहर निकलना पड़े तो किसी के साथ निकलें। मारे गए चारों लोग इस्लामिक सेंटर से जुड़े हुए थे।
पिछले साल महिला ने की थी फायरिंग
ये ईरान, अफगानिस्तान और पाकिस्तान से गए थे। पिछले साल भी एक महिला ने इस्लामिक सेंटर पर गोलियां चलाई थीं। नए मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन प्रशासन मानता है कि मुस्लिमों को निशाना बनाया जा रहा है। कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के प्रोफेसर ब्रेन लेविन कहते हैं- अमेरिका में मुस्लिमों के खिलाफ नफरत और हिंसा में 2021 में 20% की तेजी आई है। इस साल भी इसमें 4.7% इजाफा हुआ है।
मरने वालों में एक पाकिस्तानी
अल्बूकर्क में पहली हत्या नवंबर 2021 में 62 साल के मोहम्मद अहमदी की हुई थी। उन्हें उनकी दुकान के बाहर ही मार दिया गया था। अल्ताफ हुसैन 8 साल पहले पाकिस्तान से यहां पढ़ने आए थे। 2017 में उनका भाई भी यहां आ गया। दोनों रात को लाइब्रेरी जाते थे, शाम को कॉफी पीने। कभी डर नहीं लगा। शुक्रवार को उनके भाई को गोली मार दी गई।
इतनी गोलियां कि उसे पहचानना भी मुश्किल था। 41 साल के मोहम्मद इम्तियाज हुसैन घर के बाहर खड़ी अपनी कार तक नहीं जा पाते। बाहर पौधों को पानी देने जाने से भी डरते हैं। उनके बच्चे उन्हें घर से बाहर नहीं निकलने देते। पिछले हफ्ते उनके भाई अफजल हुसैन को गोली मार दी गई।
अमेरिका में 9/11 हमले के बाद मुस्लिमों के खिलाफ गुस्सा भड़का था। ईसाई और यहूदियों के बाद मुस्लिम अमेरिका की आबादी का सबसे बड़ा हिस्सा हैं। 2017 में अमेरिका में मुस्लिम आबादी करीब 30 लाख थी,जो यहां की आबादी का 1.1% है।
हैमट्रैक शहर के सभी काउंसलर और मेयर अमेरिकी-मुस्लिम चुने गए
दूसरी ओर 28 हजार की आबादी वाले 5 वर्ग मील में फैले मिशिगन के हैमट्रैक में करीब 30 भाषाएं बोली जाती हैं। यह देश का अकेला शहर है, जहां की आधी से ज्यादा आबादी मुस्लिमों की है। इस शहर के मेयर समेत सभी काउंसलर अमेरिकी मुस्लिम हैं। अमेरिका के इतिहास में यह पहली बार है। शहर की बड़ी आबादी अरब और दक्षिण एशिया के प्रवासियों की है। खासतौर से यमन और बांग्लादेश से आए लोग इस शहर में बड़ी तादाद में रहते हैं।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.