पाकिस्तान ने सालों तक जिन आतंकियों को पाल-पोस कर बड़ा किया, अब वो ही उसके गले की फांस बनते जा रहे हैं। आज इसका एक उदाहरण पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में देखने को मिला। यहां के सिबी जिले में सालाना मेले के दौरान एक जबर्दस्त ब्लास्ट हुआ, जिसमें 5 जवानों की मौत हो गई, जबकि 28 लोग घायल हो गए। इससे पहले बीते शुक्रवार को पेशावर में एक शिया मस्जिद को निशाना बनाया गया था।
एंटी टेररिस्ट डिपार्टमेंट के अफसर हफीज रिंद ने बताया कि धमाका थांडी सरक के पास हुआ, यहां पर सिबी मेले का आयोजन किया जा रहा था। ब्लास्ट से आधे घंटे पहले ही पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ अल्वी मेले में शामिल हुए थे। अभी तक की जांच में यह फिदायीन हमला लग रहा है।
28 घायलों में से 5 की हालत गंभीर
डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक बलूचिस्तान हेल्थ डिपार्टमेंट के अफसर डॉ. वसीम बेग ने बताया कि जिन 28 घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, उनमें से 5 की हालत गंभीर है। घायलों में ज्यादातर सुरक्षाकर्मी ही थे। गंभीर घायलों को क्वेटा रेफर किया गया है। बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री ने इस घटना की निंदा करते हुए घायलों को बेहतर इलाज देने का निर्देश दिया है।
शुक्रवार को शिया मस्जिद को निशाना बनाया गया था
इससे पहले शुक्रवार को पेशावर में जुमे की नमाज के दौरान हुए फिदायीन हमले में 56 नमाजियों की मौत हो गई थी। 190 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। विस्फोट पेशावर के कोचा रिसालदार इलाके में किस्सा ख्वानी बाजार की एक शिया मस्जिद में हुआ था। हमले के वक्त मस्जिद में करीब 150 लोग मौजूद थे।
इमरान खान के सामने दोहरी चुनौती
पाकिस्तान को देश के बाहर अफगान तालिबान और देश के भीतर पाकिस्तान तालिबान की दोहरी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा बलोच लिबरेशन आर्मी (BLA) भी पाकिस्तान के लिए सिरदर्द का सबब बनी हुई है। इमरान सरकार इन सभी के साथ शांति समझौता करने की कोशिश कर रही है, लेकिन अभी तक उसे कोई खास कामयाबी नहीं मिली है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.