ब्रिटिश शाही परिवार के हैरी और उनकी पत्नी मेगन की डॉक्यूमेंट्री के फाइनल एपिसोड नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो गए हैं। इनमें हैरी और मेगन ने शाही महल में हुई परेशानी और नेगेटिव मीडिया कवरेज के बारे में विस्तार से बताया है।
हैरी ने बताया कि एक मीटिंग के दौरान उनके बड़े भाई विलियम उनपर बहुत जोर से चिल्लाए थे। वहीं उनके पिता ने कई बार विलियम को बचाने के लिए झूठ बोले थे। इन खुलासों के बाद हैरी और शाही परिवार के बीच अनबन और बढ़ सकती है। हैरी और विलियम के बीच बातचीत पहले से ही बंद है।
मीटिंग में चिल्लाए प्रिंस विलियम
हैरी ने बताया कि जनवरी 2020 में परिवार के लोग मीटिंग के लिए इकट्ठा हुए थे। इसमें उन्होंने प्रस्ताव रखा था कि वे अपनी दादी क्वीन एलिजाबेथ द्वितीय के लिए काम करते रहेंगे लेकिन अपना खर्च खुद उठाएंगे। इस तरह वे अलग होकर भी शाही परिवार से जुड़े रहेंगे। इस प्रस्ताव पर प्रिंस विलियम हैरी के ऊपर गुस्से में चीखे-चिल्लाए। पिता किंग चार्ल्स ने कई ऐसी बातें कहीं जो सच नहीं थीं। इससे हैरी को समझ आ गया कि मीटिंग का मकसद चर्चा करना नहीं था।
नेगेटिव खबरों की वजह से हुआ मेगन का गर्भपात
हैरी ने आरोप लगाया कि डेली मेल अखबार की खबरों की वजह से मेगन का गर्भपात हुआ। बाद में मेगन ने अखबार पर मुकदमा भी दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि मेगन को शाही परिवार में एडजस्ट करने में बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ा। इस दौरान मेगन के मन में आत्महत्या के विचार भी आए।
नेगेटिव कवरेज के पीछे विलियम का हाथ
हैरी ने कहा- हमारी नेगेटिव कवरेज के पीछे प्रिंस विलियम के ऑफिस का हाथ था। दरअसल, मीडिया में हमें दूसरे शाही लोगों से ज्यादा लाइमलाइट मिल रही थी। इसलिए उन्होंने हमारे खिलाफ नेगेटिव खबरें करवाईं। महल की मीडिया टीम ने लगातार खबरें बता कर शाही परिवार के सदस्यों को एक-दूसरे के खिलाफ खड़ा कर दिया। इसमें मीडिया की भी मिलीभगत थी।
लीक की जाती थी हमारी खबरें
हैरी ने कहा कि ये बहुत डर्टी गेम था। कुछ खबरें लीक की जा रहीं थीं वहीं कुछ को तो प्लांट किया जा रहा था। ऑफिस एक-दूसरे के खिलाफ काम कर रहे थे। हैरी के अनुसार- हमने अपने पिता के ऑफिस में होने वाली साजिशों को देखा था। इसलिए मैंने और विलियम ने एक-दूसरे से वादा किया था कि हम अपने ऑफिस में ऐसा नहीं होने देंगे। लेकिन अब मेरे भाई के ऑफिस में भी वही सब चीजें हो रही हैं। यह दिल तोड़ने वाला है।
फैमिली गैदरिंग मिस करते हैं हैरी
हैरी ने कहा कि शाही महल छोड़ने का फैसला उनका था ना कि मेगन का। लेकिन उन्हें शाही जिंदगी छोड़ने का कुछ पछतावा भी है। वे अपने दोस्तों और फैमिली गैदरिंग को मिस करते हैं। लेकिन हैरी मानते हैं कि उन्होंने सही कदम उठाया क्योंकि और कोई विकल्प नहीं था।
एक हफ्ते में 8 करोड़ घंटे देखी गई डॉक्यूमेंट्री
नेटफ्लिक्स ने बताया है कि पिछले हफ्ते डॉक्यूमेंट्री के शुरुआती एपिसोड को 8 करोड़ घंटे से ज्यादा देखा गया। यह किसी डॉक्यूमेंट्री के रिलीज के पहले हफ्ते में सबसे ज्यादा व्यूज हैं। हैरी एंड मेगन डॉक्यूमेंट्री में कुल 6 एपिसोड्स हैं। इनमें से 3 एपिसोड 8 दिसंबर को रिलीज हो गए थे। वहीं बाकी 3 एपिसोड 15 दिसंबर को रिलीज हुए हैं।
ये खबर भी पढ़ें...
डॉक्यूमेंट्री से नाराज शाही परिवार:प्रिंस हैरी और मेगन को अब तक नहीं मिला पिता किंग चार्ल्स के राजतिलक का न्यौता
प्रिंस हैरी और मेगन मर्कल को इंग्लैंड के शाही परिवार की नाराजगी का सामना करना पड़ सकता है। एक रिपोर्ट के मुताबिक हैरी और मेगन को किंग चार्ल्स के राज्याभिषेक में नहीं बुलाया जाएगा। शाही परिवार के विशेषज्ञ पत्रकार टॉम ब्राउर का कहना है कि अब यूनाइटेड किंगडम में प्रिंस हैरी का पहले जैसा स्वागत नहीं होगा। दरअसल, नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई ‘हैरी एंड मेगन’ डॉक्यूमेंट्री की वजह से शाही कपल को आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, डॉक्यूमेंट्री की कई बातों से किंग चार्ल्स और शाही परिवार खासे नाराज हैं। लेकिन किंग चार्ल्स कोई बयान देकर इस विवाद में नहीं फंसना चाहते हैं। पढ़ें पूरी खबर...
Copyright © 2023-24 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.