ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने पिछले साल क्वीन एलिजाबेथ के पति प्रिंस फिलिप के अंतिम संस्कार से एक दिन पहले शराब पार्टी की थी। इस बात का खुलासा होने के बाद जॉनसन ने क्वीन एलिजाबेथ से माफी मांगी है। एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान ब्रिटिश PM की आंखें डबडबा गईं और उनका चेहरा शर्म के मारे झुक गया।
ब्रिटिश PM ने इंटरव्यू में कहा कि वो अपने किए पर शर्मिंदा हैं। इस हरकत के लिए क्वीन और ब्रिटेन की जनता से माफी मांगते हैं। जॉनसन पर यह आरोप भी लग रहा है कि वो कोरोना लॉकडाउन के दौरान डाउनिंग स्ट्रीट में पार्टी कर रहे थे। इस पर जॉनसन का कहना है कि मुझे किसी ने नहीं बताया था कि पार्टी से लॉकडाउन का उल्लंघन होगा।
वहीं, जॉनसन के पूर्व सहयोगी डोमिनिक कमिंग्स कहना है कि उन्होंने उस समय PM को चेतावनी दी थी। कमिंग्स ने जॉनसन पर संसद को गुमराह करने का आरोप लगाया है। इस खबर ने लोगों के गुस्से को और भड़का दिया है। लोगों में इतना ज्यादा गुस्सा है कि MyGov के एक सर्वे में देश के 64% लोगों ने उनसे इस्तीफा मांगा है।
जॉनसन के खिलाफ एक दर्जन सांसदों का मोर्चा
इंग्लैंड में विपक्षी सांसदों के साथ साथ जॉनसन की कंजरवेटिव पार्टी के भी लगभग एक दर्जन से ज्यादा सांसदों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस विरोध के पीछे कंजरवेटिव पार्टी के सांसद स्टीव बेकर का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। जॉनसन ने भी डैमेज कंट्रोल की कवायद छेड़ दी है। उन्होंने अपने पक्ष में समर्थन जुटाने के लिए ऑपरेशन रेड मीट शुरू किया है।
लेबर पार्टी को कंजरवेटिव पर मिली बढ़त
जुलाई 2020 के बाद जॉनसन की लोकप्रियता में तेजी से कमी आई है। उस दौरान हुए सर्वे में जॉनसन को अपनी पार्टी के 85% वोटर्स का समर्थन प्राप्त था। जबकि, हालिया सर्वे में एक तिहाई वोटर्स उनसे पद छोड़ने के लिए कह रहे हैं। वहीं, विपक्षी लेबर पार्टी को कंजरवेटिव पर 10% की बढ़त मिल गई है। 28% लोगों ने कंजरवेटिव को, जबकि 38% ने लेबर पार्टी को समर्थन किया है।
ऋषि सुनक या प्रीति पटेल बन सकते हैं PM
जॉनसन की लोकप्रियता घटकर 36% रह गई है। इस बीच भारतीय मूल के वित्त मंत्री ऋषि सुनक PM पद के लिए पहली पसंद बनकर उभरे हैं। अगर जॉनसन पद छोड़ते हैं तो सुनक ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बन सकते हैं। इसके साथ ही ब्रिटेन की गृहमंत्री प्रीति पटेल भी का नाम भी PM पद के लिए लिया जा रहा है।
Copyright © 2022-23 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.